मोदी चौथी बार भी बनेंगे PM, यूपी में BJP अंगद का पैर, लखनऊ में शाह की हुंकार

मोदी चौथी बार भी बनेंगे PM, यूपी में BJP अंगद का पैर, लखनऊ में शाह की हुंकार

Amit shah in UP

Amit Shah Lucknow Speech: ​उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थिति डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी सभागार में आयोजित भाजपा की हाई-लेवल प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपी में भाजपा अंगद का पैर है। इसे कोई हिला नहीं सकता। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी चौथी बार भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं। 

 

शाह ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक में ऐलान किया कि नरेंद्र मोदी 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। सबसे अहम बात यह है कि शाह की इस घोषणा के बाद उन अटकलों पर भी विराज लग जाएगा कि मोदी का उत्तराधिकारी कौन होगा। आपको बता दें कि मोदी की उम्र 76 वर्ष की हो चुकी है। 

यूपी में तीसरी बार प्रचंड बहुमत का मंत्र

अमित शाह ने लखनऊ में यूपी में 2027 के विधानसभा चुनावों का एक तरह से शंखनाद कर दिया। करीब 2850 आमंत्रित प्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्रियों, विधायकों और सांसदों की उपस्थिति में अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए राज्य में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का मंत्र दिया।

शाह ने कहा कि भाजपा के मालिक हमारे कार्यकर्ता हैं, उन्हें मेरा प्रणाम, मेरा राम-राम। शाह ने 1990 की घटना का जिक्र करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर के दिन 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं? आपने रामभक्तों पर गोलियां चलाईं, लेकिन हमने भव्य राम मंदिर बना दिया। आपकी तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी। कल्याण सिंह ने अपनी सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया था।

​यूपी में अंगद का पैर है बीजेपी

यूपी में पार्टी के जनाधार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है, इसे कोई नहीं हटा सकता। फिर से प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, इसमें कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बना दीजिए, हम यहां भी यूसीसी (UCC) लागू करेंगे।

​ईवीएम और वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार

विपक्ष द्वारा हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने पर अमित शाह ने कहा कि मैच हारने के बाद ‘अंपायर’ पर आरोप लगाया जाता है कि वोट चोरी हुई। बीजेपी संसद में इस पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। एक बार आइए, विशेष सत्र बुलाते हैं— हम संसद के पटल पर एक-एक बात का जवाब देने को तैयार हैं।

​2027 चुनाव के लिए मिला जीत का मंत्र

​शाह ने वर्ष 2017 में भाजपा को मिली 312 सीटों की प्रचंड जीत को याद दिलाते हुए कार्यकर्ताओं को उसी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरने को कहा। शाह ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति समझाते हुए कहा कि वे अर्जुन की तरह केवल मछली की आंख पर नजर रखें और 2027 में सरकार बनाने के लक्ष्य पर केंद्रित रहें। इस मौके पर बूथ स्तर को अभेद्य बनाने और संगठन को धरातल पर मजबूत करने के लिए ठोस रणनीति साझा की गई।