
Gulmarg Snowfall in October: गुलमर्ग के ऊपरी इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों को खुश कर दिया है और एक मजबूत शीतकालीन पर्यटन सीजन की उम्मीदें बढ़ा दी हैं, क्योंकि हितधारकों को उत्तरी कश्मीर के बारामुल्ला जिले में स्थित इस प्रसिद्ध स्की रिसार्ट में आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है।
अफरावत की ढलानों पर, जहां प्रतिष्ठित गुलमर्ग गंडोला स्थित है, ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ सफेद चादर से ढक गए और पर्यटकों को इस क्षेत्र के शीतकालीन आकर्षण की प्रारंभिक झलक मिली। पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेते, तस्वीरें खींचते और बर्फ से ढके परिदृश्य में खो जाते नजर आए।
दिल्ली से आए पर्यटकों के एक समूह का कहना था कि हमें यह देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ऐसे में बर्फबारी ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के बीच आशावाद को भी बढ़ावा दिया है, उनका मानना है कि इससे आगामी शीतकालीन मौसम के लिए गति बनाने में मदद मिल सकती है और अधिक पर्यटकों को गुलमर्ग को एक अवकाश स्थल के रूप में चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।
व्यवसायियों के चेहरे भी खिले
पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी एक हितधारक शास्ता का मानना है कि सर्दियों के दौरान गुलमर्ग आने वाले पर्यटकों के लिए बर्फबारी सबसे बड़े आकर्षणों में से एक है। यह पर्यटकों में उत्साह पैदा करती है और आने वाले मौसम के लिए उनकी उम्मीदें बढ़ाती है। सभी हितधारकों को आने वाले महीनों में पर्यटकों की भारी आमद की उम्मीद है, जिससे होटल मालिकों, परिवहन संचालकों, गाइडों, टट्टू मालिकों, दुकानदारों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों को लाभ होगा।
गुलमर्ग विकास प्राधिकरण (जीडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अलियास अहमद नैसरू कहते थे कि सर्दियों में संभावित भीड़ का स्वागत करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। उनका कहना था कि हम आगामी सीजन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और पर्यटकों के लिए एक सहज और सुखद अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर चुके हैं। वे विश्वास व्यक्त करते थे कि इस सर्दी में गुलमर्ग में भारी भीड़ देखने को मिलेगी।
कश्मीर में सर्दियों की भी शुरुआत
ऐसे में यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी की कश्मीर में सर्दियों की शुरुआत अभी से हो गई है। मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के कारण कश्मीर में तापमान काफी गिर गया है। अक्टूबर की शुरुआत में मौसम अपेक्षाकृत गर्म था, लेकिन अब कश्मीर, चिनाब घाटी और पीर पंजाल इलाके में दिन का तापमान गिर रहा है। अक्टूबर के महीने में कश्मीर के कई इलाकों में पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में सिमटे हुए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में अफरावत, बांडीपोरा जिले की गुरेज घाटी में राजदान दर्रा और तुलेल, कुपवाड़ा में साधना टाप और सोनमर्ग के पास मीनामार्ग, जीरो पॉइंट और जोजिला दर्रे पर हल्की बर्फबारी हुई। दक्षिण कश्मीर में सिंथन टॉप, मार्गन टॉप और पीर की गली के साथ-साथ पंजाल रेंज में भी बर्फबारी हुई है।
खराब मौसम और बढ़ती ठंड के कारण लोगों ने ऊनी कपड़े निकालना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश के इस दौर में खेती-बाड़ी के काम, खासकर धान की कटाई करते समय सावधानी बरतें। मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण घाटी के ऊंचाई वाले कई इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है।


