
बिहार के सीवान जिले के आलमपुर गांव में शुक्रवार को एक घर में हुए भीषण विस्फोट में भारी तबाही देखने को मिली है। शुरुआती जानकारियों के अनुसार, हादसे में 7 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस प्रशासन ने फिलहाल 4 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। धमाका इतना जोरदार था कि मकान का एक बड़ा हिस्सा ढहकर सड़क पर आ गिरा और पूरा इलाका दहल उठा।
पटाखों से लगी आग, 2 घंटे तक होते रहे सिलसिलेवार धमाके
प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक, यह मकान स्थानीय व्यवसायी मोहम्मद अमीरुद्दीन मियां का है, जो अवैध रूप से पटाखों का कारोबार करते थे। घर में रखे पटाखों में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद घर में रखे अन्य पटाखों में एक के बाद एक सिलसिलेवार कई विस्फोट (Chain Explosions) हुए। लगभग दो घंटे तक रुक-रुक कर धमाके होते रहे, जिससे बचाव दल को मौके पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मकान ढहा, 3 लोग अब भी लापता
विस्फोट के कारण मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया और उसका मलबा काफी दूर सड़क पर जाकर गिरा। सीवान के पुलिस अधीक्षक के मुताबिक हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। ग्राम प्रधान के अनुसार, घटना के समय घर में परिवार के कुल सात लोग मौजूद थे। पुलिस और रेस्क्यू टीमें लापता तीन अन्य सदस्यों की तलाश में मलबे को हटाने और तलाशी अभियान चलाने में जुटी हुई हैं।


