बिहार के सीवान में बड़ा हादसा, पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट, चार लोगों की मौत

Bihar Blast: बिहार के सीवान में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां अवैध तरीके से पटाखे बनाने के दौरान जोरदार धमाका हुआ। इस भीषण विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई।

हादसे में चार लोगों की हुई मौत

वहीं घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि, जिस जगह पटाखे बनाए जा रहे थे, वहां नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। घटना के बाद लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि हादसे की वजह और जिम्मेदार लोगों के बारे में पता लगाया जा सके। धमाके की सूचना मिलने के बाद मेडिकल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया, जहां अधिकारियों ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की।

पुलिस ने लिया ये एक्शन

घटना के बाद सीवान के पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही के आरोप में जामो बाजार थाने के प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को निलंबित कर दिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही, धमाके की वजह का पता लगाने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि मौके पर अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम कैसे चल रहा था और क्या इस दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी। जांच के तहत पटाखे बनाने में शामिल लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी। इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में बिना सुरक्षा इंतजामों के पटाखे बनाने और विस्फोटक सामग्री रखने से होने वाले खतरों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

SIT करेगाी अब मामले की जांच

पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि इलाके में निगरानी की कोई कमी थी या किसी की लापरवाही के कारण लोगों की जान गई। फिलहाल, मृतकों की पहचान और धमाके से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है। मामले की जांच अब विशेष जांच टीम (SIT) करेगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।