
सागर और देवास में जहरीली शराब से जुड़ी मौतों के मामलों के बीच सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए दोनों ही जिलों के कलेक्टर और एसपी को हटा दिया है। देवास में जहरीली शराब से 13 मौतों के बाद देवास एसपी पुनीत गहलोत को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर पदस्थ किया गया है। उनकी जगह बालाघाट के एसपी आदित्य मिश्रा को देवास का नया एसपी बनाया गया है। वहीं देवास कलेक्टर ऋतुराज को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह सिवनी की कलेक्टर नेहा मीना को देवास का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच 13 लोगों की मौत का मामला सामने आया था। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों की मौत शराब पीने के बाद हुई। इसके बाद मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई। पुलिस ने कथित अवैध शराब बिक्री के मामले में 10 लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी भी दी।
सागर में भी एसपी और कलेक्टर पर गिरी गाज- सागर में भी जहरीली शराब से मौत मामले में अब कार्रवाई करते हुए कलेक्टर एसपी को हटा दिया गया है। सागर एसपी अनुराग सुजानिया को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। उनकी जगह ग्वालियर में 14वीं वाहिनी के सेनानी रहे संजीव कुमार सिन्हा को सागर का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
वहीं सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। उनकी जगह दिलीप कुमार यादव को सागर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। दिलीप कुमार यादव अब तक पर्यटन विकास निगम में प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। गौरतलब है कि सागर जिले की बंडा तहसील में सितंबर में जहरीली शराब से 20 से अधिक मौत हुई थी।


