इंदौर में मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए चल रहे काम के दौरान हादसा हो गया। एरोड्रम क्षेत्र में पैदल अपने घर जा रहे एक बुजुर्ग की सिर पर लोहे की भारी चेन गिरने से मौत हो गई। जिस मार्ग से वे गुजर रहे थे, वहां मेट्रो प्रोजेक्ट का काम चल रहा था। इसी दौरान क्रेन के आगे लगने वाली चेन अचानक टूटकर 80 वर्षीय विनोद कासलीवाल के सिर पर गिर गई।
भारी-भरकम चेन की चपेट में आने से उनके सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में एरोड्रम पुलिस ने क्रेन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। इस घटना ने मेट्रो प्रोजेक्ट के काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और बरती जा रही लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त 80 वर्षीय विनोद पुत्र फूलचंद कासलीवाल एयरपोर्ट रोड स्थित सीताश्री अपार्टमेंट में रहते थे। वे एयरपोर्ट रोड से पैदल अपने घर जा रहे थे। इस मार्ग पर मेट्रो के अंडरग्राउंड प्रोजेक्ट का काम चल रहा है, जिसमें क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है। काम के दौरान क्रेन से भारी सामान उठाया जा रहा था। इसी बीच क्रेन की चेन का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में विनोद कासलीवाल आ गए।
हादसे के बाद मौके पर काम कर रहे कर्मचारी घायल विनोद को पास के बाठिया अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें जंजीरवाला मार्ग स्थित शैल्बी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने क्रेन जब्त कर ली है और क्रेन चालक यशवंत के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ भी केस दर्ज किया जा सकता है।


