
जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ जनसहयोग से खुफिया जानकारी जुटाने की रणनीति तेज की जा रही है। किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या के बाद जिला पुलिस ने वांछित आतंकवादियों के पोस्टर जारी कर उनकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 30 लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले श्रीनगर के लाल चौक और प्रताप पार्क में भी चार वांछित आतंकवादियों के पोस्टर लगाकर लोगों से उनकी मौजूदगी और गतिविधियों की जानकारी मांगी गई थी। ALSO READ: किश्तवाड़ में लापता हुए दोनों SPO के मिले शव, शरीर पर थे गोलियों के निशान
किश्तवाड़ के दच्छन-मरवाह के दुर्गम जंगलों में 11 नवंबर को ड्यूटी के लिए जा रहे एसपीओ रशपाल कुमार (45) और बाबी चंद (57) लापता हो गए थे। अगले दिन दोनों के गोलियों से छलनी शव मिले। उनकी सर्विस राइफलें भी गायब थीं। इसके बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने व्यापक घेराबंदी एवं तलाशी अभियान शुरू किया। डीजीपी नलिन प्रभात ने भी किश्तवाड़ पहुंचकर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के अनुसार किश्तवाड़ के दुर्गम इलाकों में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर जहांगीर सरूरी समेत 10 से 12 आतंकियों की मौजूदगी की आशंका है। सरूरी के सहयोगियों रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन की भी तलाश है।
उधर, श्रीनगर में 8 नवंबर को लाल चौक के प्रताप पार्क में चार आतंकियों के पोस्टर लगाए गए थे। इनमें कुलगाम के मोहम्मद लतीफ भट तथा सोपोर के बिलाल अहमद मीर और मोहम्मद उमर मीर के अलावा बारामुल्ला के आबिद कयूम लोन के नाम शामिल हैं। लतीफ भट पर पहले से 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। वह जुलाई में अनंतनाग में पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में भी वांछित है। ALSO READ: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बड़ा आतंकी हमला: गश्त कर रहे सीआरपीएफ जवानों पर बरसाई गोलियां, 3 घायल
दोनों घटनाक्रमों से स्पष्ट है कि सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए स्थानीय लोगों की मदद और गोपनीय सूचनाओं को अहम हथियार बना रही हैं। हालांकि, किश्तवाड़ और श्रीनगर में पोस्टर अभियान के पीछे अलग-अलग स्थानीय सुरक्षा चुनौतियां हैं।


