
भारत के केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विवादित इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध को अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया है। मंत्रालय ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (यूएपीए) की धारा 3 के तहत संगठन को गैरकानूनी घोषित करते हुए अधिसूचना जारी की है। इससे पहले केंद्र सरकार ने 17 नवंबर 2016 को आईआरएफ पर पांच साल का प्रतिबंध लगाया था, जिसे 15 नवंबर 2021 को भी बढ़ाया गया था। ALSO READ: दिल्ली बनी दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, लाहौर को पछाड़ा
गृह मंत्रालय के मुताबिक, जाकिर नाइक और आईआरएफ के सदस्य कथित तौर पर धार्मिक आधार पर विभिन्न समुदायों के बीच दुश्मनी, नफरत और वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देते रहे हैं। मंत्रालय ने जाकिर नाइक के भाषणों और बयानों को आपत्तिजनक व भड़काने वाला बताते हुए आरोप लगाया कि उनके जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किया गया और आतंकवादी गतिविधियों के लिए उकसाया गया।
मंत्रालय का कहना है कि इन भाषणों का प्रसारण अंतरराष्ट्रीय सैटेलाइट टीवी नेटवर्क, इंटरनेट और सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों से किया गया। मुंबई में 1991 में स्थापित आईआरएफ के संस्थापक जाकिर नाइक भारत छोड़कर मलेशिया चले गए थे, जहां उन्हें स्थायी निवास मिला है।


