सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर ‘इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड’ (IGL) के शेयरों पर सोमवार, 2 नवंबर को खास फोकस रहेगा। इसका कारण है मुनाफे में तगड़ी गिरावट। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा (कंपनी के इक्विटीहोल्डर्स के लिए) सालाना आधार पर 93 प्रतिशत गिर गया। आंकड़ा 25.89 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले मुनाफा 386.29 करोड़ रुपये रहा था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 5,615.38 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2025 तिमाही में यह 4,445.96 करोड़ रुपये था।
कुल खर्च 5,794.59 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 4,135.88 करोड़ रुपये थे। IGL के मुनाफे में गिरावट का मुख्य कारण गैस की खरीद लागत में भारी बढ़ोतरी होना है, जिसने मार्जिन को कम कर दिया। इससे सेल्स वॉल्यूम और रेवेन्यू में हुई वृद्धि का फायदा खत्म हो गया। सेल्स रेवेन्यू में 8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
IGL के मुताबिक, औसत दैनिक गैस बिक्री पहली बार 10 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रति दिन (mmscmd) के आंकड़े को पार कर गई है। जुलाई-सितंबर 2026 में यह बढ़कर 10.06 mmscmd हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 9.31 mmscmd थी। ग्रॉस सेल्स टर्नओवर 4,431.63 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,999.13 करोड़ रुपये हो गया।
कैसी रही CNG की बिक्री
सितंबर 2026 तिमाही के दौरान कंपनी की CNG की बिक्री में सालाना आधार पर 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की बिक्री 8 प्रतिशत बढ़ी। IGL दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के 11 भौगोलिक क्षेत्रों के 34 जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का संचालन करती है। इसके इंफ्रास्ट्रक्चर में 30,000 किलोमीटर से अधिक की पाइपलाइनें और 1,000 से ज्यादा CNG स्टेशन शामिल हैं। कंपनी ने 35 लाख से अधिक घरों को PNG से जोड़ा है।
FY27 की पहली छमाही में कैसा रहा बिजनेस
अप्रैल-सितंबर 2026 यानि कि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 6 महीनों के दौरान IGL का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 266.30 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 815.33 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 10,658.82 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 छमाही में 8,772.71 करोड़ रुपये था।
IGL के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 139.15 रुपये है कंपनी का मार्केट कैप 19400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 6 महीनों में 16 प्रतिशत और एक साल में 30 प्रतिशत से ज्यादा गिरा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

