अगर आप FD कराने की सोच रहे हैं, तो ICICI बैंक से आपके लिए अच्छी खबर है। बैंक ने ₹3 करोड़ से कम की कुछ चुनिंदा फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें बदल दी हैं। लॉन्ग टर्म की कुछ FD पर ब्याज 10 बेसिस पॉइंट बढ़ाया गया है। इस बदलाव के बाद सीनियर सिटीजन को योग्य FD पर 7.20% तक और आम ग्राहकों को 6.60% तक ब्याज मिलेगा। कितना ब्याज मिलेगा, ये FD की अवधि पर निर्भर करेगा।
ICICI Bank FD Rates
ICICI बैंक ने आम ग्राहकों के लिए लॉन्ग टर्म की कुछ FD पर ब्याज बढ़ाया है। 2 साल 1 दिन से 3 साल तक की FD पर ब्याज 6.45% से बढ़कर 6.55% हो गया है। 3 साल 1 दिन से 5 साल तक की FD पर दर 6.50% से बढ़कर 6.60% हो गई है। 5 साल 1 दिन से 10 साल तक की FD पर भी ब्याज 6.50% से बढ़ाकर 6.60% कर दिया गया है। टैक्स बचाने वाली 5 साल की टैक्स सेवर FD पर भी ब्याज 6.50% से बढ़कर 6.60% हो गया है।
छोटी अवधि की FD की बात करें तो बैंक 7 से 45 दिन की FD पर 2.75%, 46 से 90 दिन की FD पर 4% और 91 से 184 दिन की FD पर 4.50% ब्याज दे रहा है। 185 दिन से 1 साल से कम की FD पर 5.50% ब्याज मिल रहा है। 1 साल से 18 महीने से कम की FD पर ब्याज 6.25% है, जबकि 18 महीने से 2 साल तक की FD पर 6.30% ब्याज मिल रहा है।
सीनियर सिटीजन के लिए ICICI Bank की नई FD दरें
बदलाव के बाद सीनियर सिटीजन योग्य FD पर 7.20% तक ब्याज कमा सकते हैं। 2 साल 1 दिन से 3 साल तक की FD पर इनके लिए ब्याज 6.95% से बढ़कर 7.05% हो गया है। 3 साल 1 दिन से 5 साल तक की FD पर दर 7.10% से बढ़कर 7.20% हो गई है। 5 साल 1 दिन से 10 साल तक की FD पर ब्याज 7% से बढ़कर 7.10% हो गया है। 5 साल की टैक्स सेवर FD पर भी सीनियर सिटीजन को अब 7.10% की जगह 7.20% ब्याज मिलेगा।
छोटी अवधि में सीनियर सिटीजन को 7 से 45 दिन की FD पर 3.25%, 46 से 90 दिन की FD पर 4.50% और 91 से 184 दिन की FD पर 5% ब्याज मिल रहा है। 185 दिन से 1 साल से कम की FD पर 6% ब्याज है। 1 साल से 18 महीने से कम की FD पर 6.75% और 18 महीने से 2 साल तक की FD पर 6.80% ब्याज मिल रहा है।
₹5 लाख की FD पर आम ग्राहक को पहले कितना मिलता, अब कितना मिलेगा?
10 बेसिस पॉइंट सुनने में छोटा लगता है, लेकिन बड़ी रकम और लॉन्ग टर्म पर इसका असर साफ दिखता है। ये हिसाब तिमाही कंपाउंडिंग मानकर और टैक्स से पहले का है।
मान लीजिए आप ₹5 लाख की FD 3 साल के लिए कराते हैं। पुरानी दर 6.45% पर 3 साल बाद आपको ₹6,05,809 मिलते, यानी ₹1,05,809 का ब्याज। नई दर 6.55% पर अब ₹6,07,600 मिलेंगे, यानी ₹1,07,600 का ब्याज। सिर्फ 10 बेसिस पॉइंट की बढ़त से आपको ₹1,791 ज्यादा मिलेंगे।
अगर यही ₹5 लाख 5 साल के लिए लगाए जाएं, तो पुरानी दर 6.50% पर रकम ₹6,90,210 बनती, यानी ₹1,90,210 का ब्याज। नई दर 6.60% पर ये ₹6,93,614 बनेगी, यानी ₹1,93,614 का ब्याज। यहां फायदा ₹3,404 का है। 5 साल की टैक्स सेवर FD की दर भी 6.50% से बढ़कर 6.60% हुई है, इसलिए वहां भी ₹5 लाख पर यही हिसाब बैठेगा।
सबसे बड़ा फर्क 10 साल की FD में दिखता है। पुरानी दर 6.50% पर ₹5 लाख की FD 10 साल में ₹9,52,779 बनती, यानी ₹4,52,779 का ब्याज। नई दर 6.60% पर ये बढ़कर ₹9,62,200 हो जाएगी, यानी ₹4,62,200 का ब्याज। यानी अब आपको ₹9,421 ज्यादा मिलेंगे।
₹5 लाख की FD पर सीनियर सिटीजन का हिसाब
सीनियर सिटीजन को ऊंची दरें मिलती हैं, इसलिए उनका फायदा भी थोड़ा ज्यादा बनता है। यहां भी हिसाब तिमाही कंपाउंडिंग मानकर और टैक्स से पहले का है।
₹5 लाख की 3 साल की FD पर पुरानी दर 6.95% पर सीनियर सिटीजन को ₹6,14,813 मिलते, यानी ₹1,14,813 का ब्याज। नई दर 7.05% पर अब ₹6,16,628 मिलेंगे, यानी ₹1,16,628 का ब्याज। फायदा ₹1,815 का।
5 साल की FD पर पुरानी दर 7.10% पर रकम ₹7,10,873 बनती, जिसमें ₹2,10,873 ब्याज होता। नई दर 7.20% पर ये ₹7,14,374 बनेगी और ब्याज ₹2,14,374 होगा। यानी ₹3,501 ज्यादा। 5 साल की टैक्स सेवर FD पर भी दर 7.10% से 7.20% हुई है, इसलिए वहां भी यही फायदा मिलेगा।
10 साल की FD में सीनियर सिटीजन के लिए तस्वीर सबसे दिलचस्प है। पुरानी दर 7% पर ₹5 लाख 10 साल में ₹10,00,799 बन जाते, यानी पैसा दोगुना से थोड़ा ज्यादा। नई दर 7.10% पर ये रकम ₹10,10,682 हो जाएगी, यानी ₹5,10,682 का ब्याज। पहले के मुकाबले ₹9,883 ज्यादा।
FD कराने से पहले इन बातों पर जरूर दें ध्यान
FD खुलवाने से पहले अलग-अलग अवधियों की ब्याज दरों की तुलना जरूर करें। ये भी देखें कि जो दर बताई जा रही है, वो सामान्य FD की है या किसी खास अवधि वाली स्कीम की। समय से पहले पैसा निकालने पर लगने वाली पेनल्टी, ब्याज भुगतान के विकल्प और लागू टैक्स नियमों को भी पहले समझ लें।
FD की दरें अवधि और ग्राहक की कैटेगरी के हिसाब से अलग-अलग होती हैं। इसलिए निवेश करने से पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर ताजा दरें और शर्तें एक बार जरूर देख लें।

