रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 34 फीसदी बढ़कर 29,550 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 22,092 करोड़ रुपये था। कंपनी ने 30 अक्तूबर को शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया।
पहली बार किसी तिमाही में इतना ज्यादा प्रॉफिट
Reliance Industries ने पहली बार किसी तिमाही में इतना ज्यादा प्रॉफिट कमाया है। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू और EBITDA भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। इसमें कंपनी के ऑयल-टू-केमिकल्स बिजनेस के प्रदर्शन का बड़ा हाथ रहा। डिजिटल सर्विसेज बिजनेस और रिटेल बिजनेस का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। इससे रेवेन्यू 28 फीसदी बढ़ गया।
कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 3.62 लाख करोड़ रुपये के पार
रिलायंस इंडस्ट्रीड का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सितंबर तिमाही में बढ़कर 3.62 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया। EBITDA 24 फीसदी बढ़कर 62,409 करोड़ रुपये के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई। FY27 की पहली छमाही में कंपनी का प्रॉफिट 50,000 करोड़ के पार कर गया। पहली बार किसी वित्त वर्ष की छमाही में प्रॉफिट इस लेवल पर पहुंचा है।
सितंबर तिमाही में 38000 करोड़ रुपये पूंजीगत खर्च
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सितंबर तिमाही में 38,153 करोड़ रुपये का पूंजीगत खर्च किया। सितंबर के अंत में कंपनी का शुद्ध कर्ज 1.17 लाख करोड़ रुपये रहा। जून तिमाही में यह 1.23 लाख करोड़ रुपये था। नेट डेट और EBITDA का रेशियो अब 0.47 फीसदी हो गया है। कंपनी के शेयरों पर नतीजों का असर सोमवार यानी 3 नवंबर को दिखेगा। हर पैमाने पर कंपनी का प्रदर्शन एनालिस्ट्स के अनुमान से बेहतर रहा है।

