Jio Platforms Q2 Results :जियो प्लेटफॉर्म्स का मुनाफा 14% बढ़कर 8,389 करोड़ रुपए रहा, ARPU भी बढ़ा

Jio Platforms Q2 Results : हाल ही में बाजार में लिस्ट हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के जियो प्लेटफॉर्म्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही (दूसरी तिमाही) के नतीजे जारी कर दिए है। इस तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का नेट प्रॉफिट 14 प्रतिशत बढ़कर 8,389 करोड़ रुपये हो गया है,जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 7,379 करोड़ रुपये था।

चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड कामकाजी आय बढ़कर 47,485 करोड़ रुपये रही है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 42,652 करोड़ रुपये थी। जियो प्लेटफॉर्म्स ने 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद अपने पहले तिमाही नतीजों जारी किए हैं।

दूसरी तिमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 36332 करोड़ रुपए से बढ़कर 40475 करोड़ रुपए पर रही है। फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए प्रमोशनल स्कीमों के दम पर दूसरी तिमाही में कंपनी का प्रति उपयोगकर्ता औसत रेवेन्यू (ARPU) सालाना आधार पर 3.5% बढ़कर 218.8 रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 211.4 रुपये था।

जियो प्लेटफॉर्म्स ने कनेक्टिविटी (11%) और डिजिटल सर्विसेज (16%) दोनों क्षेत्रों में दोहरे अंकों की रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी के EBITDA में सालाना आधार पर लगभग 17% की बढ़त हुई है। इसका मुख्य कारण रेवेन्यू में बढ़ोतरी और ऑपरेटिंग लीवरेज (मार्जिन में 250bps का सुधार) रहा।

कुल सब्सक्राइबर बेस 54.2 करोड़ से अधिक हुआ

वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही (1H FY27) में 32,130 करोड़ रुपये का मजबूत FCF (EBITDA में से कैश केपेक्स घटाकर) जेनरेट हुआ है जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 98% अधिक है। इस तिमाही के दौरान, जियो प्लेटफॉर्म्स ने 30 करोड़ 5G मोबिलिटी और 3 करोड़ फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर्स के दो बड़े प्रतिमान बनाए है। कंपनी का कुल सब्सक्राइबर बेस 54.2 करोड़ से अधिक हो गया है। पिछले 12 महीनों में कंपनी के साथ 3.6 करोड़ नए सब्सक्राइबर्स जुड़े हैं।

खुल खर्च बढ़ा

सितंबर तिमाही में कुल खर्च बढ़कर 30,194 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में 27,049 करोड़ रुपये था। डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन खर्च 6,675 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,611 करोड़ रुपये हो गए हैं। जबकि वित्त लागत 2,145 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,009 करोड़ रुपये हो गई है।

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश एम अंबानी ने कहा, “हम जियो प्लेटफॉर्म्स परिवार में अपने नए शेयरधारकों का दिल से स्वागत करते हैं, क्योंकि अब हम एक लिस्टेड कंपनी के रूप में एक नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। इस तिमाही के नतीजे हमारे 5G नेटवर्क की मजबूती और हमारी ब्रॉडबैंड व डिजिटल सेवाओं की बढ़ती पहुंच को दर्शाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “पिछले एक दशक में जियो की सफलता की नींव अगली पीढ़ी की तकनीकों में समय से पहले निवेश करना रही है। हम सैटेलाइट कम्युनिकेशन, 6G इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी और अपनी मुख्य वॉयस व डेटा सेवाओं में AI को शामिल करके अपनी क्षमताओं को और बढ़ाना जारी रखेंगे, ताकि हम अपने सभी स्टेकहोल्डर्स के लिए दीर्घकालिक मूल्य (lasting value) बना सकें।”

शेयर की चाल पर एक नजर

रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सर्विसेज कंपनी, जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में बुधवार को बाजार में एंट्री के बाद से लगभग 28 प्रतिशत की तेजी आई है। मार्केट कैपिटलाइजेशन के हिसाब से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी का शेयर BSE पर 1,119 रुपये के इश्यू प्राइस से 27.89 प्रतिशत उछलकर 1,431.20 रुपये पर पहुंच गया। NSE पर, बाजार में एंट्री के बाद से यह शेयर 27.9 प्रतिशत बढ़कर 1,431.30 रुपये पर आ गया है। तीन दिनों में कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन 12,754.51 करोड़ रुपये बढ़कर 13,17,996.49 करोड़ रुपये हो गया है।

 

 

(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)