हमजा ने नाबाद शतक बनाकर भारत से छीनी जीत, पाक 3 विकेटों से जीता

INDvsPAK हमजा जहूर ने नाबाद 100 रन बनाकर पाकिस्तान के लिए अकेले दम पर मस्कट में खेले गए अंडर 19 एशिया कप मैच में भारत से मैच छीन लिया और अपनी टीम को 3 विकेटों से जीत दिला दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.3 ओवरों  में 208 रन बनाए। पाकिस्तान ने पस्त बल्लेबाजी करते हुए भी यह स्कोर 47.1 ओवरों में 3 विकेट रहते प्राप्त कर लिया। 

शतकवीर हमजा जहूर ने ही जीत के लिए जरूरी 4 रन बनाए और अपनी टीम को एतिहासिक जीत दिलाई। 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने सस्ते में ओपनर गंवा दिए लेकिन पहले 10 ओवर में 40 रन बना दिए।

हालांकि टीम का मध्यक्रम अगले 10 ओवरों में ढह गया और 40 रन पर 3 ओवर विकेट गंवा दिए। 60 रनों पर 5 विकेट खो चुकी पाक टीम मुश्किल में थी लेकिन हमजा और हसनैन ने 110 रनों की साझेदारी कर मैच में पाक को वापस लाया।

इसके बाद हसनैन ने अपना विकेट फेंका और भारत ने सईम का विकेट लिया। ऐसा लगा कि भारत यहां से मैच जीत सकता है लेकिन जरूरी रन गति बहुत कम होने के कारण हमजा ने पुछल्ले बल्लेबाजों संग टेस्ट खेलना जारी रखा और 1-2 रन लगातार लेकर भी पाक को जीत दिला दी। भारत की ओर से मनाल ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।

इससे पहले अर्जुन राजपूत की 85 गेंदों पर 107 रन की तूफानी पारी के बावजूद भारतीय टीम एसीसी अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप ए मुकाबले में 46.3 ओवर में 208 रन पर आउट हो गयी।

पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद भारत की शुरुआत बेहद खराब रही टीम ने 42 रन तक चार विकेट गंवा दिये। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (शून्य), आर्यवीर सहवाग (22), वीके विनीत (आठ) और यशवर्धन चौहान (एक) जल्दी-जल्दी अपना विकेट गंवा बैठे।

ऐसे मुश्किल समय में राजपूत ने मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने अपनी आक्रामक पारी में 11 चौके और पांच छक्के जड़े। उनकी इस पारी की वजह से टीम 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

राजपूत ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ (10) के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। उन्होंने इसके बाद मनाल चौहान (11) के साथ छठे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। इन दोनों साझेदारियों में राजपूत का योगदान अधिक रनों का रहा।उनकी शानदार पारी का अंत 36वें ओवर में हुआ। उनके आउट होते समय टीम का स्कोर सात विकेट पर 170 रन था।

यशवीर गौड़ (04) और मोहित उल्वा (07) भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और टीम का स्कोर नौ विकेट पर 195 रन हो गया।पारी के अंतिम चरण में काव्य प्रसाद पटेल (23) और आखिरी बल्लेबाज ईशान सूद (नाबाद 2) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम को 208 रन तक पहुंचाया।