देशभर में रविवार, 8 नवंबर को दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है। हर तरफ इस उत्सव की धूम है। आज नियमित ट्रेडिंग के लिए शेयर बाजार बंद है। लेकिन दोपहर में 2.20 बजे से शाम 3.30 बजे तक मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र आयोजित हुआ। एक घंटे के इस विशेष सत्र के दौरान सेंसेक्स 28.62 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 80,999.40 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 43.95 अंकों की गिरावट के साथ 24,986.40 पर बंद हुआ। निफ्टी पर सन फार्मा, टाटा स्टील, ओएनजीसी, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर्स रहे। दूसरी ओर SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, इंडिगो, भारती एयरटेल, मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट और इंफोसिस टॉप लूजर्स रहे।
शेयर बाजार में शनिवार-रविवार के अलावा अब अगली छुट्टी 10 नवंबर की है। इस दिन दिवाली-बलिप्रतिपदा के चलते BSE, NSE पर ट्रेडिंग नहीं होगी। उसके बाद 24 नवंबर को ‘प्रकाश गुरुपर्ब श्री गुरु नानक देव’ के अवसर पर बाजार बंद रहेगा।
BSE और NSE में किस सेगमेंट में रहेगी छुट्टी
इन दोनों तारीखों पर BSE में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, NDS-RST, ट्राई पार्टी रेपो के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे है। वहीं कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (EGR) सेगमेंट में मॉर्निंग सेशन (सुबह 9 से शाम 5 बजे तक) में कामकाज नहीं होगा। लेकिन ईवनिंग सेशन (शाम 5 से रात 11:30/11:55 बजे तक) में कामकाज होगा। इसी तरह NSE में भी इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट में 10 और 24 नवंबर को छुट्टी है। वहीं कमोडिटी डेरिवेटिव्स और EGR सेगमेंट में सुबह के सेशन में छुट्टी है लेकिन शाम का सेशन (शाम 5 बजे से 11:30/11:55 बजे तक) ओपन है।
नवंबर में शेयर बाजार 11 दिन बंद रहने वाले हैं। मार्केट में वैसे तो हर हफ्ते शनिवार और रविवार को छुट्टी रहती है। लेकिन कुछ पब्लिक हॉलिडेज और दूसरे खास मौकों पर भी मार्केट बंद रहता है। छुट्टियों की लिस्ट BSE, NSE और MCX प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहती है।
कैसा रहा था संवत 2082 का आखिरी हफ्ता और आखिरी कारोबारी दिन
दिवाली से संवत 2083 की शुरुआत हो गई। पिछले संवत वर्ष 2082 में सेंसेक्स 3,398.32 अंक या 4 प्रतिशत टूटा, जबकि निफ्टी में 838.25 अंक या 3.24 प्रतिशत की गिरावट आई। संवत 2082 के आखिरी कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन यानि कि शुक्रवार, 6 नवंबर को शेयर बाजार में लगातार सातवें कारोबारी सत्र में तेजी रही थी। सेंसेक्स 1,718.01 अंक या 2.17 प्रतिशत चढ़कर 81,028.02 पर बंद हुआ था। निफ्टी 493.75 अंक या 2.01 प्रतिशत की तगड़ी बढ़त के साथ 25,030.35 पर बंद हुआ था।
लगातार 7 कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स ने 7,781.99 अंकों या 10.62 प्रतिशत और निफ्टी ने 2,331.5 अंकों या 10.27 प्रतिशत की तेजी देखी। बीते कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स ने 6,568.49 अंक या 8.82 प्रतिशत और निफ्टी 1,977.25 अंक या 8.57 प्रतिशत चढ़ा था।

