हिमाचल में नकली दवाइयों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, पाउडर और भूसी से बना रहे थे ब्रांडेड दवाएं, यूपी तक फैला नेटवर्क

हिमाचल में नकली दवाइयों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, पाउडर और भूसी से बना रहे थे ब्रांडेड दवाएं, यूपी तक फैला नेटवर्क

Fake Medicines Factory

मरीज जिस दवा को अपनी बीमारी से राहत और जिंदगी बचाने का कारगर कोशिश करते हुए दवा खाता है, अगर वही दवा नकली निकले तो यह धोखाधड़ी सीधे लोगों की सेहत और जिंदगी से खिलवाड़ बन जाती है। उत्तर प्रदेश से हिमाचल प्रदेश तक फैले नकली दवाइयों के अवैध कारोबार का खुलासा इसी खतरनाक हकीकत को सामने लाया है।

ALSO READ: EPFO : पीएफ के नियम में बड़ा बदलाव, अब 55 की उम्र से पहले 2 महीने में खाते से निकाल सकेंगे 90% पैसा

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नया गांव स्थित राजपुरा थाना क्षेत्र में संचालित एक फैक्ट्री में नामी दवा कंपनियों के ब्रांड और पैकेजिंग की नकल कर नकली दवाइयां तैयार की जा रही थीं। जांच में सामने आया है कि इन दवाइयों को बनाने के लिए पाउडर और भूसी जैसे पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा था। तैयार दवाओं को असली बताकर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी थी।

 

19 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और औषधि विभाग की टीम ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के सहयोग से फैक्ट्री पर छापेमारी की। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, इस मामले में यूपी एसटीएफ मेरठ यूनिट की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए में कुछ लोगों से हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पकड़े गए लोगों की पहचान सहारनपुर जिले के चिलकाना क्षेत्र निवासी मौ. हसीन, झारखंड के गढ़वा जिले के मिराल थाना क्षेत्र निवासी मोनू उर्फ मुन्ना और वसीम के रूप में बताई जा रही है। ALSO READ: PUC Certificate New Rules 2026 : बार-बार नहीं बनवाना होगा पीयूसी सर्टिफिकेट, जान लें नया नियम

 

यूपी एसटीएफ के मुताबिक, इस अवैध फैक्ट्री का संचालन बदायूं जिले के मंडावाला निवासी सुनील कुमार कर रहा था। उसने सोलन जिले के राजपुरा थाना क्षेत्र में नकली दवाइयां बनाने का ठिकाना स्थापित कर रखा था। सुनील अलग-अलग राज्यों से युवकों को नौकरी और अच्छे वेतन का लालच देकर फैक्ट्री में काम पर रखता था। इन युवकों से दवाइयों की पैकिंग कराने के साथ तैयार माल की सप्लाई भी कराई जाती थी।

 

नौकरी और अच्छे वेतन का लालच देकर युवकों को रखा था काम पर

 

जांच में सामने आया कि मोनू की मुलाकात सुनील कुमार से बदायूं में उसके एक दोस्त के माध्यम से हुई थी। सुनील ने उसे 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने के साथ रहने और खाने की मुफ्त सुविधा का लालच दिया। इसके बाद मोनू फैक्ट्री में पैकिंग का काम करने के लिए तैयार हो गया। वह पिछले करीब एक साल से वहां काम कर रहा था।

 

वहीं, सहारनपुर निवासी मौ. हसीन की मुलाकात सुनील से हिमाचल प्रदेश के बद्दी कस्बे में अपनी मोबाइल शॉप पर हुई थी। सुनील ने उसे 15 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने का लालच देकर राजपुरा स्थित फैक्ट्री में नौकरी पर रखा था। हसीन पिछले छह-सात महीने से वहां काम कर रहा था। उसका काम नकली दवाइयों की पैकिंग करने के साथ तैयार खेप को कोरियर के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर भेजना था।

ALSO READ: चीन में जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन की ऐतिहासिक बैठक, क्या बदल जाएगा दुनिया का समीकरण? भारत पर भी पड़ेगा असर

पाउडर और भूसी से तैयार कर रहे थे नामी कंपनियों की नकली दवाएं

 

संयुक्त टीम की जांच में इस कारोबार का सबसे चौंकाने वाला पहलू सामने आया। फैक्ट्री में सामान्य पाउडर और भूसी जैसे पदार्थों को मिलाकर नकली गोलियां और कैप्सूल तैयार किए जा रहे थे। इसके बाद नामी दवा कंपनियों के नाम, ब्रांड और पैकेजिंग की नकल कर उन्हें असली दवाओं जैसा रूप दिया जा रहा था। इन उत्पादों को कोरियर और पार्सल के जरिए बाजार तक पहुंचाने की तैयारी थी।

 

जांच के दौरान जिन नकली दवाइयों के नाम सामने आए हैं, उनमें सीजेड टैबलेट (Cefixime & Azithromycin), न्यूरो-300 (Pregabalin Capsules IP), पैंटोप्राजोल यानी PAN-D, प्रेसिज-300, जीप्राइड एम-2, जेकेसेफ-एलबी और एसीपेक्स-625 प्रमुख हैं। इनमें कुछ दवाओं को बायोमैक्स बायोटेक्निक्स, अल्केम हेल्थ साइंस और कनिका हेल्थ केयर जैसी कंपनियों के नाम से पैक किया जा रहा था।

 

इनमें C-AZ में Cefixime और Azithromycin जैसे एंटीबायोटिक तत्वों के नाम का इस्तेमाल किया गया था। PAN-D पेट और एसिडिटी से जुड़ी समस्याओं के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवा के रूप में बेची जाती है, जबकि Pregabalin नसों के दर्द और कुछ प्रकार के मिर्गी के दौरों के उपचार में इस्तेमाल होती है। इसके अलावा अन्य उत्पादों को भी अलग-अलग ब्रांड के नाम से तैयार किया जा रहा था।

 

मरीजों की सेहत से हो सकता था गंभीर खिलवाड़

 

नकली दवाओं के इस कारोबार का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि मरीज इन्हें असली समझकर इस्तेमाल कर सकते थे। ऐसी दवाओं में जरूरी औषधीय तत्व मौजूद नहीं होने या उनकी मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने की स्थिति में मरीजों को सही उपचार नहीं मिल पाता। खासकर संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह स्थिति खतरनाक साबित हो सकती है।

 

मरीज को लगता है कि वह नियमित रूप से दवा ले रहा है और उसकी बीमारी का उपचार हो रहा है, जबकि नकली दवा के सेवन से बीमारी नियंत्रित होने के बजाय बढ़ सकती है। इसके अलावा अज्ञात पदार्थों से तैयार गोलियां और कैप्सूल शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव भी डाल सकते हैं। इस तरह मुनाफे के लालच में नकली दवाइयां तैयार करने वाले लोग मरीजों के भरोसे और स्वास्थ्य दोनों को खतरे में डाल रहे थे।

 

वाराणसी में भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी सुनील

 

पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री संचालित करने वाला मुख्य आरोपी सुनील कुमार इससे पहले भी वाराणसी में नकली दवाइयां बनाने के मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने हिमाचल प्रदेश में दोबारा यह अवैध कारोबार शुरू कर दिया। वह दूसरे राज्यों के युवकों को नौकरी का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करता था और उनके माध्यम से नकली दवाओं का निर्माण, पैकिंग और सप्लाई कराता था।

 

मेरठ से हिमाचल तक फैले नेटवर्क की पड़ताल में जुटी एजेंसियां

 

कुछ समय पहले मेरठ में भी नकली दवाओं के काले कारोबार का खुलासा हुआ था, पकड़े गये आरोपियों की लीड पर एसटीएफ काम कर रही थी। इसी दौरान कुछ जानकारियां हाथ लगी थी, जिसके चलते छापेमारी के बाद जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में कितने समय से नकली दवाइयां तैयार की जा रही थीं, अब तक कितनी खेप बाजार में भेजी गईं और किन-किन राज्यों तथा शहरों में इनकी सप्लाई की गई।

 

इसके साथ ही उन कोरियर कंपनियों, पार्सल माध्यमों, मेडिकल स्टोरों और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिनके जरिए नकली दवाइयां बाजार तक खपाई जा रही थीं। एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि अब तक कितने मरीज इन नकली दवाओं को खरीद चुके हैं या उनका सेवन कर चुके हैं। जांच एजेंसियां अभी पकड़े गये लोगों से जुड़े अन्य लोगों का नेटवर्क और सप्लाई चेन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।