दिवाली पर iPhone 17 खरीदने का मौका! Apple दे रहा 8000 रुपये तक का कैशबैक, जानें पूरी डिटेल

त्योहारों के सीजन में भी Apple के iPhone की काफी मांग होती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। त्योहारी सीजन में भी Apple के iPhone की बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही है। फोन की बढ़ती कीमतों और ग्राहकों की कम होती दिलचस्पी को देखते हुए कंपनी ने बिक्री बढ़ाने के लिए नया ऑफर पेश किया है। इसके तहत 1 से 14 नवंबर तक iPhone 17 खरीदने पर 8,000 रुपये तक का कैशबैक मिलेगा। माना जा रहा कि इस ऑफर के जरिए कंपनी अपने नए प्रीमियम आईफोन की बिक्री बढ़ाना चाहती है। हाल ही में नए मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद यह छूट ग्राहकों को राहत दे सकती है।

इस साल Apple ने नए iPhone Duo के साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च किए हैं। कंपनी ने सितंबर में सामान्य iPhone 18 मॉडल पेश नहीं किया। आइए जानते हैं इसके बारे में

Apple दे रहा ये ऑफर

मनीकन्ट्रोल इंग्लिश के मुताबिक, रिटेल दुकानदारों को भेजी गई जानकारी के अनुसार, इस ऑफर में iPhone 17 खरीदने पर मिलने वाला कैशबैक बढ़ा दिया गया है। पूरी रकम एक साथ कार्ड से भुगतान करने पर अब 4,000 रुपये की जगह 7,000 रुपये का कैशबैक मिलेगा। वहीं, EMI पर फोन खरीदने वालों को पहले मिलने वाले 5,000 रुपये के बजाय 8,000 रुपये तक की छूट दी जाएगी। खास बात ये है कि ये ऑफर iPhone 17 के सभी रंगों और मॉडल पर लागू होगा।

इस ऑफर का लाभ देने के लिए रिटेल दुकानदारों को भी इसमें शामिल होना होगा। उन्हें हर बिकने वाले iPhone 17 पर 1,000 रुपये देने होंगे। ये पैसा Pine Labs या Paytm के जरिए अपने आप कट जाएगा। इसके लिए कंपनी के मुख्य कार्यालय और फोन बेचने वाले स्टोर, दोनों की मंजूरी जरूरी होगी।

मॉर्केट में कम हुई iPhone की मांग

इस बढ़े हुए कैशबैक का मकसद त्योहारों के दौरान ग्राहकों को iPhone 17 खरीदने के लिए प्रोत्साहित करना है। दरअसल, भारत में आईफोन की बिक्री में कमी देखने को मिल रही है। खबरों के मुताबिक, दशहरे के आसपास रिटेल दुकानदारों की बिक्री में करीब 30 फीसदी तक गिरावट आई थी। वहीं, दिवाली के दौरान भी फोन की मांग कम रहने का अनुमान है। इसी वजह से Apple ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कैशबैक बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं, दुकानदारों ने कहा कि त्योहारों से पहले ज्यादा बिक्री की उम्मीद में उन्होंने पहले से ही आईफोन का स्टॉक जमा कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद iPhone 15, 16 और 17 सीरीज समेत पुराने मॉडल की बिक्री धीमी बनी हुई है।

आईफोन की बिक्री में होगी गिरावट

एक्सपर्ट के मुताबिक, आईफोन की बढ़ती कीमतों और कम छूट के कारण ग्राहक नया फोन खरीदने से बच रहे हैं। लोग पुराने फोन को भी लंबे समय तक इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में Apple की बिक्री बनाए रखने के लिए iPhone 17 काफी अहम हो गया है। एक्सपर्ट के मुताबिक, 2026 में भारत में Apple के आईफोन की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी से ज्यादा घट सकती है। साल 2025 में कंपनी ने 1.43 करोड़ आईफोन बेचे थे, लेकिन इस साल बिक्री कम रहने का अनुमान है। इसकी बड़ी वजह साल के आखिरी छह महीनों में कम मांग होना है। हालांकि, बाकी स्मार्टफोन कंपनियों के मुकाबले Apple पर इसका असर कम पड़ सकता है।