
देवास में अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से रौदने वाले ट्रक ड्राइवर गजेंद्र और क्लीनर धीरेज मंडलोई को पुलिस ने शॉर्ट काउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस 10 हजार के ईनामी आरोपी को अलीराजपुर से गिरफ्तार कर देवास ला रही थी तब उसने पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस की फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी।
गौरतलब है कि देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को आईसर वाहन से कुचल कर मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस ने पूरे मामले ड्राइवर और क्लीनर को आऱोपी बनाया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान आईसर वाहन चालक गजेन्द्र उर्फ अक्कू पुलिस की गिरफ्त में आया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पूरी घटना देवास के नजदीक बरोठा थाना क्षेत्र में हुई। घायल ट्रक ड्राइवर और क्लीनर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर देवास शराब कांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अवैध शराब कारोबार के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शराब परिवहन में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त किया गया है। जांच में ट्रक ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अप्पू रावत और वाहन उपलब्ध कराने वाले किरण सिंह चंदोड की भूमिका सामने आई है। केरल सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही सहायक जिला अधिकारी अमर सिंह बघेल को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।


