
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक आक्रामक मुहिम शुरू की है। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक स्टाइलिश तस्वीर साझा करते हुए तंज कसा— “डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा ब्रो”।
यह पूरा मामला पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दिए गए “बाप” वाले बयान से जुड़ा हुआ है, जिस पर देश भर में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है।
इट्स डन ब्रो : अब बीजेपी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘हमारे पास कांग्रेस, रागा (राहुल गांधी) और खरगे के लिए मैसेज हैः इट्स डन ब्रो.’ इसी पोस्ट में आगे लिखा है, ‘डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा। उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर चुना गया है। उनके पास हमारे वोट हैं ब्रो। कुछ ऐसा जो तुम्हारे मास्टर के पास कभी नहीं होगा।’
क्या था खरगे का बयान : पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे भाषण दे रहे थे। इस दौरान भीड़ में से एक व्यक्ति (जिसकी पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई) ने चिल्लाकर कहा कि “मोदी कहीं नहीं जाएंगे”। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने मंच से कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा”।
भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया: भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी को दिवंगत पिता पर किया गया बेहद अमर्यादित और अशोभनीय हमला बताया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस पर मर्यादा की सारी सीमाएं लांघने का आरोप लगाया। इस बयान के खिलाफ भाजपा ने आज देश के सभी राज्यों के मुख्यालयों में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया।
भाजपा का प्रदर्शन : भाजपा ने मल्लिकार्जुन खरगे के आवास के पास जोरदार प्रदर्शन किया और उनसे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। भाजपा नेताओं द्वारा इस आपत्तिजनक भाषा को लेकर पटना में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। भाजपा का कहना है कि चुनाव में बार-बार मिल रही हार की हताशा के कारण कांग्रेस के शीर्ष नेता अब प्रधानमंत्री के परिवार और उनके दिवंगत माता-पिता को निशाना बना रहे हैं। दूसरी ओर, इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया और जमीनी राजनीति में दोनों दलों के बीच टकराव और तेज हो गया है।


