AI से 10 साल की वैज्ञानिक खोज सिर्फ 3 साल में हो सकती है पूरी! OpenAI की स्टडी में 98% वैज्ञानिकों ने जताई उम्मीद

AI in Scientific Research: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वैज्ञानिक शोध और नई खोजों में लगने वाले समय को काफी कम कर सकता है। OpenAI की एक नई स्टडी के मुताबिक, सर्वे में शामिल 98 प्रतिशत वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि AI उनके संबंधित क्षेत्रों में होने वाली खोजों को तेज करेगा। यह रिपोर्ट रिसर्च के कामकाज में ChatGPT जैसे AI टूल्स की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती है।

10 साल का काम 3 साल में संभव

इस स्टडी में पाया गया है कि सर्वे में शामिल पांच में से एक से अधिक यानी 20% से अधिक वैज्ञानिकों का मानना है कि जिस खोज में सामान्य तौर पर 10 साल का समय लगता है, उसे AI की मदद से महज 3 साल के भीतर हासिल किया जा सकता है।

OpenAI ने यह निष्कर्ष अपने ‘ChatGPT for Academic Researchers’ प्रोग्राम का उपयोग करने वाले 1,819 शोधकर्ताओं के 5,80,186 वैज्ञानिक संदेशों के विश्लेषण और 251 वैज्ञानिकों के सर्वे के आधार पर निकाले हैं। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि AI की मदद से वे उतनी ही गुणवत्ता के साथ लगभग आधे समय में अपने कार्य पूरे कर पा रहे हैं।

रिसर्च के किन कामों में हो रहा AI का इस्तेमाल?

रिपोर्ट में बताया गया है कि वैज्ञानिक शोध के कई चरणों में ChatGPT का उपयोग कर रहे हैं, जिनमें प्रमुख हैं:

  • मौजूदा शोध साहित्य की समीक्षा करना
  • रिसर्च पेपर लिखना और एडिट करना
  • सबूतों और डेटा का विश्लेषण करना
  • सॉफ्टवेयर डेवलप करना और नए रिसर्च आइडिया जेनरेट करना

औसत वैज्ञानिक के कुल संदेशों में आधे से ज्यादा हिस्सा पढ़ने और लिखने से जुड़े कामों का रहा। इसके अलावा, वैज्ञानिक नए शोध प्रश्न सुझाने और अपने पहले से तैयार विचारों को और बेहतर बनाने के लिए भी AI की मदद ले रहे हैं।

क्या AI वैज्ञानिकों की जगह ले लेगा?

भले ही AI रिसर्च की गति को तेज कर रहा है लेकिन यह वैज्ञानिकों की भूमिका को खत्म नहीं कर रहा है। रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक शोधकर्ताओं ने लगभग 32 प्रतिशत AI प्रतिक्रियाओं के बाद स्पष्टीकरण, जांच या संशोधन की मांग की। इससे ये पता चलता है कि AI से मिलने वाले आउटपुट का एनालिसिस करने और उसे सुधारने में मानवीय विवेक और वैज्ञानिक जांच बेहद जरूरी है।

इस विषय पर अमेरिका के एरिजोना स्थित एडवांस्ड फुट केयर के क्लिनिकल रिसर्च मैनेजर डॉ. कृष्णा साई पेनुमार्थी का मानना है कि स्वास्थ्य और विज्ञान से जुड़े शोध में तकनीक की मदद के साथ-साथ कड़ी वैज्ञानिक जांच बेहद जरूरी है। डॉ. कृष्णा साई पेनुमार्थी कहते हैं कि तकनीक क्लिनिकल जानकारी को मैनेज करने और रिसर्च की चुनौतियों को हल करने के नए रास्ते बना रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कम्प्यूटेशनल तरीके डेटा को व्यवस्थित कर सकते हैं, पैटर्न की पहचान कर सकते हैं और रिसर्च के कार्यों में मदद कर सकते हैं लेकिन उनके निष्कर्षों के लिए वैज्ञानिक जांच की आवश्यकता होती है।

रिसर्च की राह में अभी भी हैं ये बड़ी चुनौतियां

OpenAI की रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सिर्फ AI अपनाने से ही सब कुछ नहीं बदलेगा, क्योंकि रिसर्च की उत्पादकता बढ़ाने में कर्मचारियों, फंडिंग और समय की कमी अभी भी बड़ी बाधा बनी हुई है।

सर्वे में शामिल 51.8 प्रतिशत वैज्ञानिकों ने सीमित समय या स्टाफ की कमी को बड़ी चुनौती बताया, जबकि 43.8 प्रतिशत ने फंडिंग की कमी का हवाला दिया। केवल 6.4 प्रतिशत वैज्ञानिकों ने ही कहा कि उन्हें किसी बड़ी बाधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। OpenAI के अनुसार, AI में वैज्ञानिक कार्यों को सपोर्ट करने की अपार क्षमता है, लेकिन इसे तेज खोजों में बदलने के लिए पर्याप्त फंडिंग, स्टाफ और प्रयोग करने की क्षमता भी उतनी ही जरूरी होगी।