
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फिक्की के एक कार्यक्रम में कहा कि आज भारत में प्रगति की गति बहुत तेज है। साथ-साथ गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी बहुत तेज है। वर्ल्ड बैंक की जो ताजा रिपोर्ट आई है, वह हम सभी को गर्व से भरने वाली है। यह रिपोर्ट कहती है कि सिर्फ 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को पराजित किया है। पीएम मोदी ने अगले 20 साल के लिए उद्योग जगत को ‘इंडिया फर्स्ट’ का मंत्र दिया।
उन्होंने कहा कि बीते 100 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। हमने लाइसेंस-कोटा राज भी देखा, नेशनलाइजेशन का असफल प्रयोग भी देखा और फिर 21वीं सदी में एक ऐसा समय भी आया जब भारत की अर्थव्यवस्था को “फ्रेजाइल फाइव” में देखा जाने लगा। लेकिन बीते 12 वर्षों में देशवासियों ने बहुत परिश्रम किया। हमारे युवाओं ने, हमारे किसानों ने, हमारे श्रमिक भाई-बहनों ने, उद्योग जगत के आप सभी साथियों ने इस स्थिति को बदला है।
पीएम मोदी ने कहा कि 70 के दशक में जब देश में “गरीबी हटाओ” का नारा दिया गया था, तब देश की आबादी करीब 50 करोड़ ही थी। गरीबी तब भी हट सकती थी, लेकिन FICCI भी साक्षी है कि तब नीतियों में कमी रही और दुर्भाग्य से नीयत में भी कमी रही। फिक्की इस बात का भी साक्षी है कि जब सही नीयत से काम हुआ और सरकार सही नीयत के साथ आगे बढ़ी, तो सिर्फ 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब गरीबी से बाहर निकल आए। और यह दिखाता है कि भारत आज जिस दिशा में चल रहा है, वह सही और सटीक है, और उसमें देश की सफलता की गारंटी है।
फिक्की ने अपने 100 वर्षों में देश की इंडस्ट्री को बहुत कुछ हासिल करते हुए देखा है। अब समय यह तय करने का है कि इंडियन इंडस्ट्री अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकती है। विकसित भारत की यात्रा में, आत्मनिर्भर भारत की यात्रा में, आप अपना योगदान और कैसे बढ़ा सकते हैं?
उन्होंने कहा कि अगले 20 वर्षों के अपने हर लांग टर्म इनवेस्टमेंट डिसिजन में इंडिया फर्स्ट को अपना आधार बनाइए। इससे देश आत्मनिर्भर होगा और आपके बिजनेस की ग्रोथ के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोचिए, 100 साल हो गए… लेकिन 1930 में गांधी यही कहकर गए थे और आज इतने साल के बाद मुझे भी यही कहना पड़ रहा है। मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो। वे भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत कहकर गए थे। मेरी इस बात को भी घर-घर में पहुंचाओ!
उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में “फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड” कहते हैं, इसके बावजूद भारत हर साल API, बल्क ड्रग्स और ड्रग्स इंटरमीडिएट्स का बिलियंस ऑफ डॉलर का इंपोर्ट करता है। ऐसी सैकड़ों कैटेगरी हैं, जिनमें हम आज इंपोर्ट पर निर्भर हैं। हमारी फार्मा इंडस्ट्री को समझना होगा कि ऐसे कौन-से इंग्रेडिएंट्स हैं, जिन्हें हम भारत में बना सकते हैं। किन क्षेत्रों में नई टेक्नोलॉजी और बड़े प्रोडक्शन प्लांट में इन्वेस्ट करके हम दूसरे देशों के सामने कॉम्पिटिटिव बन सकते हैं?
पीएम मोदी ने कहा कि मैं आपसे आग्रह करूंगा कि हमारी इंडस्ट्री भारत के कृषि क्षेत्र में अपना निवेश बढ़ाए। स्पेसिफिक ओवरसीज मार्केट को ध्यान में रखकर डिपेंडेबल प्रोक्योरमेंट की व्यवस्था बनाइए और ऐसे प्रोडक्ट बनाइए जिनकी वहां डिमांड है, ताकि भारत के प्रोडक्ट्स दुनिया में हमारी पहचान बन सकें।


