
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज होने लगी हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलों ने पंजाब की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। इसकी वजह बना दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्ग: अ जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन समारोह। इस कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी और राहुल गांधी द्वारा मंच से उनका खास तौर पर जिक्र किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
दि्ल्ली में सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्च कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को जीवन में केवल एक बार झगड़ते देखा था। उस समय राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। राहुल के मुताबिक सोनिया गांधी अपनी बात तीन-चार बार दोहरा रही थीं और तनाव में होने के कारण राजीव गांधी को गुस्सा आ गया था। राहुल ने यह किस्सा सुनाते हुए सीधे अमरिंदर सिंह की ओर इशारा किया और उनसे पूछा कि क्या उन्हें वह घटना याद है।
राहुल गांधी का इस तरह कैप्टन का नाम लेना महज एक पुरानी याद साझा करना था या इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश भी है, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पूरे कार्यक्रम में गैर राजनीतिक रखने के निर्देश देने वाले राहुल गांधी ने पूरे कार्यक्रम में एक मात्र राजनीतिक व्यक्ति अमरिंदर सिंह का नाम ही लिया। खास बात यह है कि राहुल गांधी ने हाल के महीनों में भी अमरिंदर सिंह के प्रति सकारात्मक टिप्पणी की थी। ऐसे में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं के बीच पुराने रिश्तों की चर्चा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पंजाब चुनावों से पहले कैप्टन की होगी वापसी?- राहुल गांधी के कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लेने और कैप्टर के गांधी परिवार से परिवारिक संबंध होने की बात कहने के बाद अब यह चर्चा तेज है कि क्या अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले उनकी कांग्रेस में वापसी होने जा रही है। हालांकि कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने फिलहाल विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में एक सामाजिक कार्यक्रम के लिए आए हैं। उन्होंने पुराने संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि जब उन्होंने अपनी किताबों का विमोचन किया था, तब सोनिया गांधी भी उनके तीन पुस्तक विमोचन कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। ऐसे में सोनिया गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। मीडिया में कांग्रेस में वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने इसे अटकलें और काल्पनिक चर्चा बताया।
कैप्टन अमरिंदर सिंह का कांग्रेस से अलग होना 2021 के पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुए बड़े राजनीतिक घटनाक्रम का नतीजा था। सितंबर 2021 में कांग्रेस के अंदर उनके खिलाफ असंतोष बढ़ने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा। 18 सितंबर 2021 को उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू के साथ उनका राजनीतिक टकराव और गहरा गया। आखिरकार 2 नवंबर 2021 को उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोनिया गांधी को सात पन्नों का पत्र लिखकर पार्टी नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाए थे। इसके बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से अपनी अलग पार्टी बनाई। सितंबर 2022 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
कांग्रेस के लिए कैप्टन क्यों जरूरी?- पंजाब की राजनीति में कैप्टन अमरिंदर सिंह का अपना प्रभाव और अनुभव रहा है। वह दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और राज्य की राजनीति में उनकी मजबूत पहचान रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सामने सत्ता में वापसी की चुनौती होगी। ऐसे में पार्टी के लिए पुराने नेताओं और क्षेत्रीय प्रभाव रखने वाले चेहरों की अहमियत बढ़ सकती है। पंजाब में जिस तरह आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर एंटी इंकमबेंसी देखी जा रही है, इससे कांग्रेस और भाजपा दोनों को एक उम्मीद दिखाई दे रही है, ऐसे में कांग्रेस कैप्टन के सहारे पंजाब में अपनी खोई जमीन को वापस लेने की कोशिश कर सकती है।


