नेपाली PM बालेन सिर्फ 25 घंटे के लिए भारत आएंगे:मोदी से 30 मिनट अकेले मुलाकात होगी; भारत 2 अरब डॉलर का पैकेज दे सकता है

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को भारत आएंगे। वे दिल्ली में सिर्फ करीब 25 घंटे रुकेंगे। इस साल प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह का यह पहला विदेशी दौरा है। बालेन शाह की नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 30 मिनट तक अकेले में बातचीत होगी। इस दौरान भारत नेपाल को करीब 2 अरब डॉलर यानी 19 हजार करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज दे सकता है। दोनों देशों के बीच हवाई रास्ते, रेलवे, बिजली और बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण से जुड़े समझौते भी हो सकते हैं। पहले बालेन के 3 दिन रुकने की थी तैयारी नेपाल के अखबार द काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, पहले शाह का दौरा 22 से 25 नवंबर तक रखने की तैयारी थी। अब वे 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की रेग्युलर फ्लाइट दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और अगले दिन शाम करीब 4:30 बजे नेपाल लौटेंगे। दौरे के कार्यक्रम पर सोमवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और भारत के राजदूत सुधाकर दलेला के बीच बैठक हुई। इसमें दोनों देशों ने बैठकों, सुरक्षा और संभावित समझौतों पर चर्चा की। नेपाल के विदेश मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों की एक टीम भी तैयारियों का जायजा लेने दिल्ली आएगी। दिल्ली से बाहर नहीं जाएंगे बालेन शाह भारत ने शाह को बेंगलुरु या अहमदाबाद ले जाने का प्रस्ताव दिया था, ताकि वे वहां के विकास से जुड़े काम देख सकें। लेकिन शाह ने दिल्ली से बाहर जाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। शाह और मोदी की बैठक के बाद दोनों देशों के मंत्रियों और अधिकारियों की बैठक होगी। शाह के साथ नेपाल के भौतिक बुनियादी ढांचा मंत्री सुनील लम्साल, ऊर्जा मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ और पर्यटन मंत्री खड्ग राज पौडेल समेत कई अधिकारी आ सकते हैं। बालेन 23 नवंबर की सुबह शाह भारत और नेपाल के कारोबारियों की बैठक को भी संबोधित करेंगे। इसमें दोनों देशों के बीच कारोबार बढ़ाने पर चर्चा होगी। नेपाल ने भारत से ₹19 हजार करोड़ की मदद मांगी नेपाल भारत से करीब 2 अरब डॉलर यानी 19 हजार करोड़ रुपए की मदद चाहता है। इसमें 1 अरब डॉलर कर्ज के रूप में और 50 करोड़ डॉलर अनुदान के तौर पर मांगे गए हैं। बाकी 50 करोड़ डॉलर बाढ़ से प्रभावित इलाकों को फिर से बनाने और वहां जरूरी सुविधाएं शुरू करने के लिए मांगे गए हैं। नेपाल में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के आसपास आई बाढ़ से सड़कें, पुल, बिजली परियोजनाएं और घरों को नुकसान पहुंचा था। कई लोगों का रोजगार भी छिन गया। नेपाल इस पैसे से टूटी सड़कों और पुलों की मरम्मत करना चाहता है। साथ ही प्रभावित लोगों की जिंदगी फिर से पटरी पर लाने की तैयारी है। नए हवाई रास्तों पर समझौते की उम्मीद नेपाल भारत से महेंद्रनगर, नेपालगंज, भैरहवा और जनकपुर के रास्ते अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अनुमति मांग रहा है। इससे पोखरा और भैरहवा एयरपोर्ट से दूसरे देशों के लिए उड़ानें आसान होंगी। भारत अब महेंद्रनगर के रास्ते हवाई मार्ग खोलने पर सकारात्मक है। इस दौरे में सहमति बन सकती है। यह मांग करीब 10 साल से अटकी है। 2018 में समझौता हुआ था, लेकिन विमानों को 15 से 24 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ने की शर्त के कारण बड़े यात्री विमान इस रास्ते का इस्तेमाल नहीं कर सके। नेपालगंज का रास्ता मिलने से खाड़ी देशों से आने वाली उड़ानों का समय और ईंधन खर्च कम हो सकता है। वहीं, भारत भी नेपाल के हवाई क्षेत्र से बागडोगरा तक उड़ानें ले जाना चाहता है। नेपाल ने इस पर सहमति दिखाई है, जबकि रक्सौल के हवाई रास्ते के लिए भारत से तकनीकी जानकारी मांगी है। अयोध्या-जनकपुर के बीच ट्रेन चलाने की तैयारी भारत और नेपाल के बीच अयोध्या और जनकपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी है। करीब 604 किलोमीटर के इस रास्ते पर हर शनिवार जनकपुर से ट्रेन चलेगी और हर सोमवार अयोध्या से वापस आएगी। भारत के रेल मंत्रालय ने 14 नवंबर को इस सेवा को मंजूरी दी थी। नेपाल जयनगर-जनकपुर ट्रेन को बर्दीबास तक चलाना और रक्सौल से काठमांडू तक नई रेल लाइन बनाना भी चाहता है। बिजली और पेट्रोलियम पाइपलाइन पर बात होगी नेपाल भारत को हर साल 1,650 मेगावाट से ज्यादा बिजली बेचने की अनुमति चाहता है। साथ ही भारत के रास्ते बांग्लादेश को बिजली की बिक्री भी बढ़ाना चाहता है। फिलहाल नेपाल बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली बेच रहा है। इसके लिए दोनों देश बिजली की बड़ी लाइनों की क्षमता बढ़ाने और नई लाइनें बनाने पर बात करेंगे। नेपाल मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन को चितवन तक बढ़ाना चाहता है। साथ ही भारत के सिलिगुड़ी से नेपाल के झापा जिले तक नई पाइपलाइन बनाने का प्रस्ताव भी रखेगा। इंटरनेट और फोन नेटवर्क बेहतर करने पर भी चर्चा होगी।