Ayodhya-Janakpur Train News: भारत एवं पड़ोसी देश नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में इंडियन रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। भारतीय रेल मंत्रालय ने माता सीता की जन्मभूमि नेपाल के जनकपुर धाम और भगवान श्रीराम की नगरी उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस ट्रेन सर्विस से माता सीता की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि के बीच रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इसे दोनों देशों के श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने जनकपुर धाम और अयोध्या के बीच एक नई साप्ताहिक रेल सेवा को मंजूरी दे दी है।
इन रूट्स से 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन
यह रेल सर्विस जनकपुर धाम को अयोध्या कैंट से जोड़ते हुए लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान बिहार तथा उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी। अपने टर्मिनल स्टेशनों के अलावा, यह ट्रेन जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में में कमर्शियल स्टॉप बनाएगी। यह ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी, जो शनिवार को जनकपुर धाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी।
बोर्ड ने शनिवार (15 नवंबर) को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “यह सेवा रामायण परंपरा से गहराई से जुड़े दो प्रमुख स्थलों जनकपुर धाम (माता सीता का जन्म स्थान) और प्रभु श्री राम का जन्मस्थल अयोध्या के बीच एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क स्थापित करेगी।” विज्ञप्ति के अनुसार, “यह पहल दोनों देशों के यात्रियों को इन प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगी। साथ ही उनकी साझा सभ्यतागत विरासत को भी मजबूत करेगी।” बोर्ड ने कहा कि इस नई ट्रेन से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों के लिए सीमा पार की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
कब शुरू होगा ट्रेन?
हालांकि, रेलवे बोर्ड ने अभी तक यह घोषणा नहीं की है कि इस ट्रेन का कमर्शियल परिचालन कब शुरू होगा। लेकिन ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष पीएम बालेंद्र शाह 23 नवंबर को नई ‘अयोध्या-जनकपुर धाम’ ट्रेन सेवा का नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से जॉइंट उद्घाटन कर सकते हैं। नई ट्रेन का फायदा केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। रेल मंत्रालय के अनुसार, बेहतर रेल संपर्क से इस रूट्स में आने वाले स्थानीय क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बिहार और उत्तर प्रदेश के कई शहरों को मिलेगा लाभ
रेल मंत्रालय के अनुसार, जनकपुर धाम से अयोध्या के बीच प्रस्तावित ट्रेन कुल 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस सफर के दौरान यह ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों और रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन के प्रमुख व्यावसायिक ठहराव इस प्रकार होंगे:-
जयनगर
मधुबनी
शीशो
सीतामढ़ी
रक्सौल
नरकटियागंज
गोरखपुर
बस्ती
मनकापुर
अयोध्या धाम
इन यात्रियों को भी होगा फायदा
इन स्टेशनों पर ठहराव होने से बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी इस नई रेल सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को नेपाल और अयोध्या के बीच आवागमन के लिए एक एक्स्ट्रा रेल विकल्प उपलब्ध होगा।
शनिवार को जनकपुर से चलेगी ट्रेन, सोमवार को अयोध्या से होगी वापसी
बयान के अनुसार, इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक दिन किया जाएगा। ट्रेन शनिवार को नेपाल के जनकपुर धाम से अपनी यात्रा शुरू करेगी। जबकि वापसी में सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी। इस ट्रेन से दोनों देशों के यात्रियों को धार्मिक, पारिवारिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्राओं के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, रेल मंत्रालय की जारी जानकारी में ट्रेन का नंबर, किराया, डिटेल्स टाइमलाइन और नियमित परिचालन शुरू होने की तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
भारत और नेपाल के बीच रामायण से जुड़े अनेक धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या इन स्थलों में खास महत्व रखते हैं। दोनों स्थानों के बीच रेल संपर्क बेहतर होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना है। नई ट्रेन सेवा से नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या पहुंचना आसान हो सकेगा।
इसी तरह भारत के श्रद्धालु भी जनकपुर धाम की यात्रा अधिक सुविधाजनक तरीके से कर सकेंगे। इससे रामायण परंपरा से जुड़े धार्मिक पर्यटन मार्गों को विकसित करने और दोनों देशों के बीच तीर्थयात्रियों की आवाजाही बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा एजुकेशन, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लोगों को भी इस रेल सेवा से लाभ मिलने की उम्मीद है।
भारत-नेपाल की दोस्ती को मिलेगी नई रफ्तार
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक संबंध रहे हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच धार्मिक परंपराओं और पारिवारिक रिश्तों का गहरा जुड़ाव है। जनकपुर धाम और अयोध्या को जोड़ने वाली यह रेल सर्विस इसी साझा विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है। रेल मंत्रालय का मानना है कि इस पहल से दोनों देशों के बीच यात्री संपर्क बढ़ेगा। अधिकारियों ने कहा कि पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी समर्थन मिलेगा।
ये भी पढ़ें- MP Raid: सरकारी अफसर या धनकुबेर का खजाना! 3.5 करोड़ का सोना, लाखों की चांदी, गाड़ियां और कैश देख उड़ जाएंगे होश

