
भारत की राजधानी दिल्ली शुक्रवार को पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गई। स्विस संस्था आईक्यूएयर के मुताबिक, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 334 दर्ज किया गया, जिसे खतरनाक श्रेणी में रखा गया है। वहीं, भारत के केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने दिल्ली का एक्यूआई 403 दर्ज करते हुए इसे गंभीर श्रेणी में बताया। दोनों आंकड़ों में अंतर, एयर क्वालिटी मापने की अलग-अलग प्रणालियों और मानकों के कारण है।
दिल्ली में घने जहरीले धुएं और स्मॉग की चादर छा जाने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर चलने वाली कारों और बाइकों को धुंध के बीच से गुजरते देखा गया, जबकि कई प्रमुख सड़कों पर स्ट्रीट लाइटों की रोशनी भी स्मॉग के कारण धुंधली नजर आईं। वायु प्रदूषण का यह स्तर लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए।
उत्तर भारत और पड़ोसी देश पाकिस्तान के कई हिस्सों में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण की समस्या हर साल गंभीर हो जाती है। ठंडी और भारी हवा प्रदूषकों को जमीन के करीब रोक लेती है, जिससे वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और खेतों में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वातावरण में जमा होने लगता है। इसके कारण हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ती है और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।


