Market Outlook : बढ़त के साथ बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी, जानिए 12 नवंबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल

Market Outlook : 11 नवंबर को भारतीय इक्विटी इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं। निफ्टी 25250 के स्तर के ऊपर टिकने में कामयाब रहा है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 772.75 अंक या 0.95 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,879.40 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 210.40 अंक या 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,255.05 पर बंद हुआ। आज 2756 शेयरों में तेजी आई, 1555 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और 162 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

निफ्टी में सबसे ज्यादा तेजी दिखाने वाले शेयरों में M&M, इंटरग्लोब एविएशन, आयशर मोटर्स, ट्रेंट और टाटा स्टील शामिल रहे, जबकि टेक महिंद्रा, ICICI बैंक, नेस्ले, HCL टेक और टाइटन कंपनी के शेयरों में गिरावट देखी गई।

सेक्टरों की बात करें तो इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, फार्मा और रियल्टी सेक्टर में 0.5-1 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि ऑटो, बैंक और FMCG सेक्टर में 1-2 प्रतिशत की तेजी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.8 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की आक्रामक खरीदारी से बाजार को मिला सपोर्ट

रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा ने कहा कि बुधवार को बाजारों में तेजी रही। आज की क्लोजिंग अच्छी बढ़त के साथ हुई। ग्लोबल और घरेलू बाजार से मिले अच्छे संकेतों के दम पर शुरुआती कारोबार में निफ्टी 25,400 के स्तर को पार कर गया। हालांकि,जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा अलग-अलग सेक्टरों के बड़े शेयरों में मुनाफावसूली के कारण बढ़त कुछ कम हो गई। अंत में निफ्टी 0.84% ​​की तेजी के साथ 25,255.05 पर बंद हुआ।

सेक्टोरल इंडेक्सों में मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला। ऑटो, बैंकिंग और FMCG शेयरों में अच्छी तेजी रही। जबकि फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर कुछ सुस्त रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी तेजी रही। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सों 0.8% और 1.6% की बढ़त दर्ज की गई। यह बाजार के दायरे में मजबूती और निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा को दिखाता है।

बाजार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की आक्रामक खरीदारी से भी सपोर्ट मिल रहा है। नवंबर में इनका कुल निवेश लगभग 5.68 अरब डॉलर तक पहुंच गया जो सितंबर 2024 के बाद से किसी एक महीने में आया सबसे बड़ा विदेशी निवेश है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 92–93 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रही। इसमें काफी नरमी आई है। इससे आयातित महंगाई को लेकर बनी चिंताएं कुछ कम हुई हैं। घरेलू मांग और कंपनियों की अर्निंग में मजबूती के साथ ही AI से जुड़े निवेश के प्रति ग्लोबल जोश में कुछ कमी आने से भारतीय इक्विटीज का आकर्षण और बढ़ गया है।

इतनी तेजी के बाद बाजार में थोड़ा कंसोलिडेशन आना अच्छा रहेगा। अजीत मिश्रा का मानना ​​है कि 24,800–25,000 का जोन नई खरीदारी के लिए एक अच्छा मौका हो सकता है। जबकि 24,600 के नीचे जाने पर तेजी फेल हो सकती है। ऊपर की तरफ,निफ्टी 25,500–25,750 के टारगेट जोन की ओर बढ़ सकता है।

बाजार में रोटेशनल बाइंग देखनें को मिल रही है। इसलिए निवेशकों को अच्छे शेयरों पर फोकस करना चाहिए। खास तौर पर PSU बैंकिंग, कैपिटल मार्केट और ऑयल एंड गैस जैसे सेक्टर अच्छे दिख रहे है। बाजार में आने वाली किसी भी गिरावट फायदा उठाकर अच्छे शेयरों को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करना चाहिए। वहीं, तेजी से भागते शेयरों के पीछे भागने से बचना चाहिए।

निफ्टी के लिए अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल

HDFC सिक्योरिटीज में सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट नागराज शेट्टी ने कहा कि कुछ सत्रों तक कंसोलिडेशन के बाद बुधवार को निफ्टी ने शानदार वापसी की और 25424 का स्विंग हाई बनाया,लेकिन भारी उतार-चढ़ाव के कारण यह इस ऊंचे स्तर पर टिक नहीं सका।

डेली चार्ट पर एक छोटी लाल कैंडल बनी,जिसमें ऊपर और नीचे की तरफ शैडो (विक) थी और बाजार गैप-अप के साथ खुला। शुरुआती गैप-अप लगभग भर गया है, बस थोड़ा सा हिस्सा बाकी रह गया है। तकनीकी रूप से, बाजार की यह चाल दिखाती है कि तेजी का रुझान जारी है,लेकिन अहम रेजिस्टेंस के स्तर के पास काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

बुधवार को बाजार की चाल से संकेत मिलता है कि 25400-25500 के स्तर के आसपास एक मजबूत रेजिस्टेंस है। निकट अवधि में ऊंचे स्तरों से थोड़ा और कंसोलिडेशन या हल्की बिकवाली देखने को मिल सकती है। 25500 के स्तर के रजिस्टेंस को पार करने पर ही फिर से तेजी आ सकती है जो निफ्टी को निकट भविष्य में 26000 के स्तर तक ले जा सकती है। अगर यहां से कोई कमजोरी आती है तो 24800-24700 के स्तर के आसपास सपोर्ट मिल सकता है।

 

 

कैबिनेट ने रबी उर्वरक सब्सिडी के लिए 62370 करोड़ रुपये और मुद्रा गारंटी फंड के लिए 5000 करोड़ रुपये की दी मंजूरी

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।