दीपावली के बाद दिल्ली की हवा में घुला जहर

दीपावली पर तय समयसीमा के काफी बाद तक राजधानी में जगह-जगह पटाखे जलाए जाने के कारण सोमवार को दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रूप से बढ़ गया और सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं तो शहर का आसमान घनी धूसर धुंध से ढका मिला।

सड़कों पर दृश्यता कम हो गई और लोगों को आंखों तथा गले में फिर से जलन महसूस होने लगी। राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 370 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। आशंका है कि दिन में प्रदूषण का स्तर और बढ़ेगा तथा हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच जाएगी।

दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) और बुराड़ी क्रॉसिंग के निगरानी केंद्रों पर सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई। यहां एक्यूआई 437-437 रहा। चार अन्य निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही, जबकि बाकी केंद्रों पर यह ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। बवाना, बुराड़ी, जहांगीरपुरी, सोनिया विहार, पंजाबी बाग, ओखला और रोहिणी समेत कई इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी रही।

सार्वजनिक वायु गुणवत्ता निगरानी मंच ‘एक्यूआई डॉट इन’ के अनुसार, दीपावली के बाद दिल्ली का एक्यूआई बढ़कर 2,283 तक पहुंच गया। सोमवार सुबह इस मंच पर एक्यूआई 637 दर्ज किया गया, जिसे उसने ‘खतरनाक’ श्रेणी में रखा।

स्विट्जरलैंड के वायु गुणवत्ता निगरानी मंच ‘आईक्यूएयर’ के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पीएम2.5 का स्तर 170 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वार्षिक दिशानिर्देश में निर्धारित सीमा से करीब 34 गुना अधिक है।

‘पीएम2.5’ हवा में मौजूद सूक्ष्म कण होते हैं, जो फेफड़ों में गहराई तक पहुंचने और रक्तप्रवाह में प्रवेश करने में सक्षम होते हैं। स्वास्थ्य पर इनके प्रतिकूल प्रभावों के कारण इन्हें प्रमुख प्रदूषकों में शामिल किया जाता है।

Also Read : शुभेंदु ने बंगाल में भाजपा के लिए 70 फीसदी मतों का लक्ष्य रखा

‘आईक्यूएयर’ के आंकड़ों के मुताबिक, पीएम10 का स्तर 126 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। वहीं, ओजोन का स्तर 31, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का 44.6, सल्फर डाइऑक्साइड का 32 और कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर 1,461.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, सोमवार दिन में दिल्ली की वायु गुणवत्ता और बिगड़कर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकती है। अगले कुछ दिनों तक इसके इसी श्रेणी में बने रहने की आशंका है। प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों, वाहनों से निकलने वाले धुएं और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं से प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, प्रति सेकंड 6,000 वर्ग मीटर से कम ‘वेंटिलेशन इंडेक्स’ (प्रदूषकों को फैलाने की वायुमंडल की क्षमता का सूचकांक) और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति प्रदूषकों को प्रभावी ढंग से फैलने से रोकने वाली प्रतिकूल परिस्थितियां हैं।

दीपावली की रात प्रतिबंधों के बावजूद राजधानी में जगह-जगह पटाखे जलाए गए। इस दौरान 20 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। सोनिया विहार में सबसे अधिक 463 एक्यूआई दर्ज किया गया, जबकि जहांगीरपुरी में यह 450 रहा।

रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 376 दर्ज किया गया। दीपावली की रात 10 बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 20 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में, छह पर खराब श्रेणी में और शेष 33 पर बेहद खराब श्रेणी में रही।

रविवार शाम करीब पांच से छह बजे के बीच पटाखे जलाने का सिलसिला तेज हो गया। पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी जमकर आतिशबाजी हुई। शाम ढलने के साथ जश्न बढ़ा तो सड़कों और रिहायशी इलाकों में धुएं की परत जमा होने लगी।

कई इलाकों के निवासियों ने पटाखों के जलने की तेज गंध, दृश्यता कम होने और सांस लेने में परेशानी की शिकायत की। रातभर आतिशबाजी जारी रहने से लोगों को इन समस्याओं का सामना करना पड़ा।

Pic Credit : UNI