Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है, लेकिन इसके बावजूद कार्यक्रम तय योजना के अनुसार ही होगा। 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यहां 1500 से अधिक निजी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा और अन्य एहतियाती कदम भी उठाए गए हैं।
‘मिड-डे’ की एक रिपोर्ट के अनुसार दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को मिली धमकी को देखते हुए अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठा रहे हैं कि कोई बाहरी तत्व कार्यक्रम में बाधा न डाल सके। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को कई ईमेल मिले, जिनमें दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट को संभावित निशाना बताया गया था। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल की जांच की है और वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। एक सूत्र ने इस दिन की सुरक्षा व्यवस्था की पुष्टि की है।
एक सूत्र ने बताया- आमतौर पर तीन गेटों पर चेकिंग होती है, लेकिन इस बार पांच गेटों पर चेकिंग की जाएगी। इवेंट वाले दिन और उससे एक दिन पहले वेन्यू पर सुरक्षा जांच की जाएगी।” मुंबई पुलिस ने 30 अक्टूबर को दिल्ली में हुए कॉन्सर्ट के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया है और मुंबई में भी इसी तरह के सुरक्षा इंतजाम लागू किए जाएंगे।
“दिल्ली में शुरुआती प्रस्ताव में लगभग 400 प्राइवेट सुरक्षाकर्मी शामिल थे, लेकिन पुलिस ने इसे बढ़ाकर 1500 से 2,000 करने की सलाह दी थी। मुंबई में भी ऐसा ही किया जाएगा। उनकी जिम्मेदारियों में एंट्री गेट पर कतारों को व्यवस्थित करना, हेल्प कियोस्क संभालना और वेन्यू के आसपास पैदल चलने वालों की आवाजाही को मैनेज करना शामिल होगा।
500 से 700 मीटर का ‘नो-कार जोन’ बनाया जाएगा और ट्रैफिक पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी। मुंबई में दिलजीत के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और उनके होटल में भी अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा। आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि वे दिलजीत के रुकने की जगह या उनके आने के समय की जानकारी किसी को भी न दें, जिसमें पैपराजी (फोटोग्राफर) भी शामिल हैं।”
एक अन्य सूत्र ने कहा- “कॉन्सर्ट वेन्यू को पूरी तरह से ‘फोन-फ्री’ (फोन के बिना) करना संभव नहीं है। इसके बजाय स्क्रीनिंग प्रक्रिया के दौरान आने वाले लोगों के फोन की अच्छी तरह से जांच की जाएगी।”
दिलजीत का ‘ऑरा टूर’
‘रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026’ के लिए अभी जो शेड्यूल घोषित किया गया है, वह इस प्रकार है- 30 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ।

