श्रीराम रिसर्च ने दिवाली पर दांव लगाने के लिए 5 शेयरों की लिस्ट तैयार की है। इन शेयरों में 32 फीसदी तक कमाई हो सकती है। शेयर बाजार का माहौल दिवाली से पहले ठीक हो चुका है। 6 नवंबर को भारतीय शेयर बाजारों में लगातार सातवें दिन तेजी रही। एक हफ्ते में निफ्टी 8 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है। ऐसे में यह दिवाली शेयरों पर दांव लगाने के लिहाज से खास हो गई है।
1. Aeroflex Industries
इस लिस्ट में Aeroflex Industries सबसे ऊपर है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 680 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा भाव से करीब 32 फीसदी तेजी की संभावना दिखाता है। कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC) के बढ़ते इस्तेमाल से फायदा मिलने की उम्मीद है। डेटा सेंटर में लिक्विड कूलिंग सॉल्यूशंस की मांग बढ़ रही है। Aeroflex इस मौके का फायदा उठाने की स्थिति में है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए लिक्विड कूलिंग स्किड से होने वाले रेवेन्यू का लक्ष्य बढ़ाकर 150-200 करोड़ रुपये कर दिया है। उसे रेवेन्यू में करीब 60 फीसदी ग्रोथ की उम्मीद है। मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के लिए कंपनी मार्च 2028 तक 202 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
2. Radico Khaitan
शराब बनाने वाली कंपनी Radico Khaitan में Shriram Research को करीब 22 फीसदी तेजी की संभावना दिख रही है। ब्रोकरेज ने इसके लिए 5,000 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। कंपनी की ग्रोथ में प्रीमियम प्रोडक्ट्स की अहम भूमिका हो सकती है। दूसरी तिमाही में इसके Prestige और Above पोर्टफोलियो की बिक्री सालाना आधार पर 35.8 फीसदी बढ़कर 52.8 लाख केस हो गई। इसके मुकाबले पूरे IMFL (Indian Made Foreign Liquor) बाजार में वॉल्यूम ग्रोथ केवल 7.2 फीसदी रही। दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 16.8 फीसदी बढ़ा, जबकि EBITDA में 51 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
3. Karur Vysya Bank
प्राइवेट सेक्टर के Karur Vysya Bank के शेयर पर भी ब्रोकरेज का भरोसा है। Shriram Research ने इसके लिए 418 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसमें करीब 21 फीसदी तेजी की संभावना दिख रही है। बैंक की मजबूत एसेट क्वालिटी और कर्ज में बढ़ोतरी से मुनाफे की रफ्तार बनी रह सकती है। दूसरी तिमाही में बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 37.2 फीसदी बढ़कर 788 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान बैंक का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) 2.1 फीसदी और रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 20.5 फीसदी रहा। बैंक के एडवांस में 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 4.26 फीसदी रहा। बैंक की एसेट क्वालिटी भी मजबूत बनी हुई है।
4. Navin Fluorine International
केमिकल सेक्टर की कंपनी Navin Fluorine International भी Shriram Research की पसंद में शामिल है। ब्रोकरेज ने इसके शेयर के लिए 10,080 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसमें करीब 20 फीसदी तेजी की संभावना है। कंपनी के कारोबार को क्षमता विस्तार, लंबे समय के सप्लाई कॉन्ट्रैक्ट और स्पेशियलिटी केमिकल्स की मांग से फायदा मिलने की उम्मीद है। कंपनी की R32 क्षमता विस्तार योजना से सालाना 600-825 करोड़ रुपये तक का रेवेन्यू हासिल करने की संभावना है। इसके अलावा कंपनी ने Solstice के साथ अपना सप्लाई एग्रीमेंट दिसंबर 2032 तक बढ़ा दिया है। इससे कंपनी को करीब 180 मिलियन डॉलर के अतिरिक्त रेवेन्यू की संभावना मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Nifty 50 अगले एक साल में 29,000 तक जाएगा! बाजार के दिग्गजों ने बताए ये 5 सेक्टर, जहां दिख रहे हैं निवेश के मौके
5. ICICI Bank
Shriram Research ने ICICI Bank के शेयर के लिए 1,620 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, इसमें करीब 17 फीसदी तेजी आ सकती है। बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है। इस दौरान उसका कोर ऑपरेटिंग प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.8 फीसदी बढ़ा, जबकि नेट प्रॉफिट 20.1 फीसदी बढ़कर 14,800 करोड़ रुपये रहा। बैंक के लोन में 30 फीसदी और डिपॉजिट में 27.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में कुछ दबाव देखने को मिला। यह पिछली तिमाही के मुकाबले 18 बेसिस पॉइंट घटकर 4.18 फीसदी रह गया।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

