
Ayodhya 10th Deepotsav: श्रीराम नगरी अयोध्या धाम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्ष 2017 में शुरू किया गया ‘दीपोत्सव’ इस वर्ष अपनी 10वीं वर्षगांठ के रूप में अत्यंत धूमधाम से मनाया जा रहा है। विगत 9 वर्षों में यह पर्व एक महापर्व के रूप में विकसित होकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अमिट छाप छोड़ चुका है। हर साल नए विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाले इस दीपोत्सव को देखने के लिए देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी भारी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु समय से पूर्व ही अयोध्या धाम पहुंचे।
दीपोत्सव को लेकर अयोध्यावासियों में भी खासा उत्साह नजर आया। राजीव गुप्ता (पूर्व अध्यक्ष, गल्ला व्यापार मंडल) ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने अयोध्या की दीपावली को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। 10वां दीपोत्सव अत्यंत ऐतिहासिक है और अयोध्या त्रेतायुग जैसी अलौकिक व सुंदर प्रतीत हो रही है। ऐसा ही विहंगम दृश्य तब रहा होगा जब प्रभु श्रीराम लंका पर विजय प्राप्त कर 14 वर्षों का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटे थे। आज अयोध्या किसी के परिचय की मोहताज नहीं है।
पिछले 10 वर्षों में यहां के व्यापार और अर्थव्यवस्था में जो उछाल आया है, उसकी कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। वर्ष 1947 से राम मंदिर के फैसले तक का समय और आज की अयोध्या में ज़मीन-आसमान का अंतर है। पहले यहां से लोग बाहर काम करने जाते थे, आज बाहर के लोग अयोध्या में व्यापार करने आ रहे हैं। यह तो बस शुरुआत है, अगले 5 वर्षों में अयोध्या और भी तीव्र गति से प्रगति करेगी।
तेजी से बढ़ रही है अयोध्या की अर्थव्यवस्था
स्थानीय व्यापारी निखिल कुमार गुप्ता ने कहा कि दीपोत्सव जब से शुरू हुआ है, हर साल एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इस वर्ष का दीपोत्सव अत्यंत भव्य और दिव्य स्वरूप लिए हुए है, जिसे निहारने दुनिया भर से लोग आ रहे हैं। अयोध्या की आर्थिक प्रगति का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज यहां जमीनों की मांग और कीमत बढ़ गई है, स्थानीय और बाहरी लोग बड़े-बड़े व्यवसायों में निवेश कर रहे हैं। मेरी अभिलाषा है कि आगामी 5 वर्षों के लिए जब योगी जी पुनः सत्ता में आएं, तो इसी प्रकार के भव्य दीपोत्सव का शुभारंभ काशी में भी हो और मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण के साथ वहां भी ऐसे ही महापर्व का आयोजन किया जाए।
अयोध्या को नई पहचान मिली
रमेश जायसवाल (महानगर अध्यक्ष, व्यापार अधिकार मंच) ने कहा कि प्रभु राम मंदिर और दीपोत्सव के माध्यम से पूरी दुनिया में अयोध्या को एक नई पहचान मिली है, जिसका सुखद अनुभव हर अयोध्यावासी कर रहा है। जो अयोध्या पहले अधूरी-सी और अलग-थलग पड़ी लगती थी, आज वह दीपोत्सव के माध्यम से पूर्ण और विश्व विख्यात हो चुकी है। पूरी दुनिया में अयोध्या का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाने का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लाखों राम भक्तों को जाता है। यहां स्थापित हो रहे बड़े-बड़े उद्योगों व व्यवसायों से अयोध्या लगातार तरक्की के नए आयाम छू रही है।
अयोध्या में जन्म होना सौभाग्य की बात
स्थानीय व्यापारी आयुष गुप्ता ने कहा कि मैं स्वयं को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मेरा जन्म इस पवित्र पावन नगरी में हुआ, जहां प्रभु श्री राम ने जन्म लिया था। दीपोत्सव का 10वां वर्ष हम सभी अयोध्यावासियों के लिए बेहद गर्व की बात है। मोदी जी और योगी जी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण इस पर्व को भव्य और दिव्य रूप मिला है, जिसे देखने देश-विदेश से श्रद्धालु आ रहे हैं। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या का अभूतपूर्व विकास हुआ है और व्यापार में भारी उछाल आया है। जो कार्य दशकों में नहीं हो सके, वे कुछ वर्षों में पूरे हो गए। अयोध्या की पूरी तस्वीर बदलने का श्रेय केवल मोदी-योगी सरकार को जाता है।


