रात की दिवाली से पहले दिन के पटाखे, INDvsPAK भिडेंगें मैदान पर

INDvsPAK पिछली बार अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान से पराजय झेलने वाला भारत रविवार को यहां होने वाले ग्रुप ए के महत्वपूर्ण मुकाबले में बदला चुकता करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगा।भारत ने अपने पहले मैच में नेपाल को 10 विकेट से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था। उसने 128 रन के लक्ष्य को 19.1 ओवर में हासिल कर दिया था।

वहीं, पाकिस्तान ने मेजबान यूएई के खिलाफ 37.3 ओवरों में 225 रन के लक्ष्य को हासिल करते हुए नौ विकेट से जीत दर्ज की थी।

यह मैच ग्रुप ए में शीर्ष पर रहने वाली टीम के निर्धारण को देखते हुए महत्वपूर्ण है। इसमें जीत हासिल करने वाली टीम के ग्रुप में शीर्ष पर रहने की संभावना बढ़ जाएगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।दोनों टीम ने अपने अभियान का शानदार आगाज किया है और ऐसे में रविवार को होने वाला मैच काफी रोमांचक होने की संभावना है।

भारत के लिए बल्लेबाजी में निगाहें आर्यवीर सहवाग पर टिकी होंगी, जो पूर्व भारतीय स्टार सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं और जिन्होंने नेपाल के खिलाफ सिर्फ 52 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का शानदार नमूना पेश किया था।उन्होंने सात चौके और चार छक्के लगाए, जिससे उनके आक्रामक बल्लेबाजी के तरीके में उनके पिता की बल्लेबाजी शैली की झलक दिखाई दी।

दूसरे छोर पर कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए जिससे भारत ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर दिया था। भारत एक बार फिर से अपनी इस सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद करेगा।

भारतीय टीम में पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी शामिल हैं। उन्हें नेपाल के खिलाफ बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन वह विकेटकीपिंग करते नजर आए।

फरहान यूसुफ की अगुवाई वाली पाकिस्तान की टीम यूएई पर मिली शानदार जीत के बाद विशेष रूप से आत्मविश्वास से भरी होगी।

यूसुफ पिछली बार भी पाकिस्तान की टीम के कप्तान थे। तब पाकिस्तान ने दुबई के आईसीसी क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में भारत को 191 रन से हराया था। भारतीय टीम अब उस हार का बदला चुकता करने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी काफी मजबूत है जिसमें सलामी बल्लेबाज उस्मान खान भी शामिल है जिन्होंने यूएई के खिलाफ पिछले मैच में नाबाद 139 रन बनाए थे।

जहांगीर बिलाल और अब्दुल कादिर ने भी अच्छी फॉर्म दिखाई है, जिससे पाकिस्तान का शीर्ष क्रम मजबूत नजर आ रहा है। भारतीय गेंदबाजों को उन पर अंकुश लगाने के लिए अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी।

नेपाल के खिलाफ तीन विकेट लेने वाले ईशान सूद से फिर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्हें नई गेंद के उनके साथी मोहित उलवा से भरपूर सहयोग मिलने की उम्मीद है।

स्पिन विभाग में बाएं हाथ के स्पिनर यशवीर गौड़ और ऑफ स्पिनर अर्जुन राजपूत ने नेपाल के खिलाफ बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट साझा किए थे।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, यशबर्धन सिंह चौहान, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सवासानी, मोहित उलवा, काव्या पटेल, शाविन विनोद, इशान सूद।नक्शे देखें

पाकिस्तान: फरहान यूसुफ (कप्तान), अब्दुल कादिर (विकेटकीपर), अब्दुल सुभान, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, हयाम खान, हुजैफा अहसन, जहांगीर बिलाल, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद सेयम, नकाब शफीक, रिजवानुल्लाह, उस्मान खान।

समय: सुबह 10 बजे

कहां देखें- सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क या सोनी लिव पर