यूरोप में मंगलवार को अलग-अलग देशों में कई विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। इन धमकियों के बाद इटली ने दो विमानों को सुरक्षित एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए अपनी एयरफोर्स के विमान भेजे, जबकि पोलैंड में एक एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। स्पेन में भी एक विमान की तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के बाद सभी धमकियां झूठी निकलीं। किसी भी विमान में विस्फोटक नहीं मिला और न ही किसी की जान गई। इन धमकियों से इटली, पोलैंड और स्पेन के एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। धमकी मिलने वाले विमानों में रायनएयर, पोलैंड की LOT और स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस (SAS) की फ्लाइट शामिल थीं। किसी भी विमान को इमरजेंसी लैंडिंग नहीं करनी पड़ी। इटली में ईमेल से मिली बम की धमकी इटली में लिस्बन से रोम जा रही रायनएयर की फ्लाइट को मंगलवार सुबह एक ईमेल मिला, जिसमें विमान में बम होने का जिक्र था। इसके बाद विमान को रोम के फ्यूमिचिनो एयरपोर्ट पर उतारा गया। पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने यात्रियों, क्रू और सामान की जांच की, लेकिन कुछ नहीं मिला। डबलिन से रोम आ रही रायनएयर की एक दूसरी फ्लाइट को भी इसी तरह की धमकी मिली। इटली की एयरफोर्स ने इस विमान को फ्यूमिचिनो एयरपोर्ट तक एस्कॉर्ट किया। यहां भी जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला। पोलैंड में फ्लाइट का रास्ता बदला, एयरपोर्ट बंद रहा पोलैंड में लंदन से वारसॉ जा रही LOT एयरलाइन की फ्लाइट को बम की धमकी मिली। इसके बाद विमान को वारसॉ के मुख्य एयरपोर्ट के बजाय मॉडलिन एयरपोर्ट पर उतारा गया। जांच के लिए इस एयरपोर्ट को कुछ देर बंद रखना पड़ा। जांच में विमान के अंदर कुछ नहीं मिला। यात्रियों को जांच के बाद बस से वारसॉ के एयरपोर्ट पहुंचाया गया। इसी दौरान कोपेनहेगन से वारसॉ आ रही SAS एयरलाइन की फ्लाइट में भी संदिग्ध सामान होने की खबर मिली। विमान उतरने के बाद यात्रियों की जांच हुई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। स्पेन में 121 यात्रियों की ली गई तलाशी स्पेन के मर्सिया एयरपोर्ट पर मैनचेस्टर से पहुंची रायनएयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली। विमान में क्रू समेत 121 लोग सवार थे। अधिकारियों ने यात्रियों और क्रू की जांच की। विमान की भी तलाशी ली गई, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। मर्सिया क्षेत्र में स्पेन सरकार के प्रतिनिधि फ्रांसिस्को लुकास ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। अगस्त से लेकर अब तक मिली कई फर्जी धमकियां 3 नवंबर: यूरोप में एक ही दिन कम से कम 4 विमानों को बम की धमकी मिली। इससे एक दिन पहले लंदन से सोफिया जा रही विज एयर की फ्लाइट को भी बुडापेस्ट डायवर्ट करना पड़ा था। जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला। 10 सितंबर: लखनऊ से दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम की धमकी के बाद अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। विमान के टॉयलेट में बम लिखे टिश्यू मिलने के बाद उसकी तलाशी ली गई। 31 अगस्त: दम्माम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में भी टिश्यू पर बम लिखे होने की सूचना मिली। जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। 26 अगस्त: लखनऊ से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली थी। बाद में यह धमकी फर्जी निकली।
Latest News

