Gold Price Outlook: पिछले कुछ दिनों के दौरान सोने की कीमतों में तेज गिरावट आई है। साल की शुरुआत में रिकॉर्ड तेजी के साथ सोना $5,500 प्रति औंस के पार पहुंच गया था। लेकिन अब यह $4,000 के नीचे कारोबार कर रहा है। साल 2026 में अब तक इसकी कीमत 8% से ज्यादा गिर चुकी है।
भारत में सोना कितना सस्ता हो सकता है?
सोने में अभी और गिरावट की आशंका है। ब्रोकरेज फर्म नोमुरा के ताजा रिसर्च नोट के मुताबिक, सोने का भाव $3,500 प्रति औंस तक आ सकता है। यह $3,947 के मौजूदा स्तर से करीब 11% गिरावट का संकेत देता है।
भारत में 10 ग्राम सोने का मौजूदा भाव करीब ₹1.39 लाख है। अगर इसमें 11% की गिरावट आती है, तो सोना लगभग ₹15,290 सस्ता हो जाएगा। इसकी कीमत घटकर ₹1.23 लाख प्रति 10 ग्राम तक आ सकती है।
एक्सपर्ट की गोल्ड पर राय
एलकेपी सिक्योरिटीज के VP रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, बाजार में लगातार मुनाफावसूली से सोने पर दबाव बना हुआ है। बिकवाली के चलते कीमतें अब ओवरसोल्ड जोन के करीब पहुंच रही हैं। हालांकि, सोने में टिकाऊ रिकवरी के लिए नई खरीदारी और ग्लोबल संकेतों का साथ जरूरी होगा।
उन्होंने कहा कि इस हफ्ते अमेरिकी चुनाव, बेरोजगारी के आंकड़े और नॉन-फार्म पेरोल डेटा पर बाजार की नजर रहेगी। इन आंकड़ों से फेडरल रिजर्व की आगे की पॉलिसी को लेकर संकेत मिल सकते हैं। टेक्निकल नजरिए से ₹1,42,000 सोने के लिए अहम रेजिस्टेंस है। इस स्तर के ऊपर टिकाऊ तेजी आने पर ही निकट अवधि का आउटलुक बेहतर हो सकता है।
अमेरिकी चुनाव का सोने पर असर
कोटक नियो की AVP और कमोडिटी रिसर्चर कायनात चेनवाला के मुताबिक, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजे सोने की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। चुनाव से अमेरिका की एनर्जी पॉलिसी और ईरान को लेकर वॉशिंगटन के रुख के संकेत मिलेंगे। इसका असर सोने की चाल पर भी दिख सकता है।
Gold Silver Prices Today: दिल्ली में सोना 700 रुपये गिरा, चांदी 2000 रुपये फिसली
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

