
OP Rajbhar Banda Rally: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट के बीच एनडीए (NDA) गठबंधन में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पूरी तरह से चुनावी मूड में आ गए हैं। जिले-जिले जाकर अपने समाज को एकजुट कर रहे ओपी राजभर सोमवार को बांदा पहुंचे, जहां बबेरू क्षेत्र में आयोजित ‘जन अधिकार महारैली’ के दौरान उनका बेहद आक्रामक अंदाज देखने को मिला।
जनसभा को संबोधित करते हुए राजभर ने खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बता दिया और कहा कि मैं सुनता हूं कि बांदा में बहुत बड़े गुंडे रहते हैं, लेकिन इस देश में मुझसे बड़ा गुंडा कौन है? जिसके यहां मुख्तार अंसारी, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और अभय सिंह जैसे लोग दरबार लगाते हों, बताओ उससे बड़ा गुंडा कोई है क्या?
विरोधी ताकतों को खुली चुनौती देते हुए राजभर ने चेतावनी दी कि अगर किसी ने उनके समाज के लोगों की तरफ आंख उठाने की कोशिश की, तो उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत ओमप्रकाश राजभर के पास है।
अपना झंडा, अपना डंडा और अपनी पार्टी
बांदा में अपनी पहली रैली का जिक्र करते हुए सुभासपा प्रमुख ने जनता से न डरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम यहां अपने समाज के लोगों को एकजुट करने आए हैं। अब हमें अपना झंडा, अपना डंडा और अपनी पार्टी चाहिए। आज के बाद कोई दूसरा नेता आपको अपनी पार्टी का झंडा थमाने आए, तो साफ कह देना कि हमने सालों तक आपका झंडा उठाया है, अब तुम हमारा झंडा पकड़ो।
गरीबों के हक पर हमला बर्दाश्त नहीं
राजभर ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पहले की सरकारों में गरीबों के लिए आने वाले कल्याणकारी योजनाओं के पैसों का जमकर बंदरबांट होता था। जब गरीब अपने हक की आवाज उठाते थे, तो उन्हें अपमानित किया जाता था। हालांकि, अब समाज पूरी तरह से जाग चुका है और गरीबों के हक व सम्मान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


