Nepal Helicopter Crash: माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक विदेशी पर्यटक की मौत

Nepal Helicopter Crash: माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक विदेशी पर्यटक की मौत

nepal helicopter crash

Nepal Helicopter Crash: नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे हेलीपैड पर सुबह करीब 8:11 बजे लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति (पायलट) गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद से मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। ALSO READ: आग का गोला बना प्राइवेट जेट, रिहायशी इलाके में क्रैश होने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत

 

कैसे हुआ हादसा?

नेपाल पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब ‘फिशटेल एयर’ (Fishtail Air) और ‘एयर डायनेस्टी’ (Air Dynasty) के हेलीकॉप्टर फेरिचे हेलीपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों चौपर आपस में भिड़ गए।

हेलीकॉप्टरों के बीच हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ‘फिशटेल एयर’ के एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल हुए व्यक्ति को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद ‘प्रभु हेलीकॉप्टर’ के जरिए लुकला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। 

हादसे से हड़कंप

मृतक विदेशी नागरिक की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है, और स्थानीय प्रशासन तथा उड्डयन अधिकारी इस बात की पुष्टि करने में जुटे हैं कि दुर्घटना के वक्त दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे। एवरेस्ट क्षेत्र में हुए इस अचानक हादसे से पर्यटन और उड्डयन जगत में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।