जड़ेजा को 4 साल बाद टेस्ट ऑलराउंडर की नंबर 1 रैंकिंग से हटाया और शीर्ष गेंदबाज भी बना यह दक्षिण अफ्रीकी

दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन ने टेस्ट क्रिकेट में एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह ICC टेस्ट All rounder और टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ऑलराउंडर रैंकिंग में भारत के रविंद्र जडेजा और गेंदबाजों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ा है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गकेबरहा में खेले गए टेस्ट मैच में यानसन ने पहली पारी में 85 रन बनाने के साथ पांच विकेट भी लिए थे। उनके प्रदर्शन ने दक्षिण अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई। टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी उन्होंने 13 स्थान की छलांग लगाई और 56वें नंबर पर पहुंच गए।

हालांकि उनकी खास उपलब्धि भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जड़ेजा को अपदस्थ करने से मानी जा रही है। रविंद्र जड़ेजा करीब 1694 दिनों तक टेस्ट ऑलराउंडरों के शीर्ष पर रहे। इसका मतलब यह है कि 4 साल बाद उनको किसी खिलाड़ी ने इस रैंकिंग से हटाया है।

वहीं तेज गेंदबाजी रैंकिंग में मिचेल स्टार्क को भी पछाड़ना कोई मामूली बात नहीं लग रही है। हालांकि केपटाउन की पहली पारी में 6 विकेट निकालने वाले मिचेल स्टार्क अगले हफ्ते फिर नंबर 1 बन सकते हैं अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी तीसरे टेस्ट में मार्को यानसेन ने इसके समकक्ष प्रदर्शन नहीं किया तो।

बहरहाल मार्को जानसेन ने रविंद्र जड़ेजा जैसे कद के खिलाड़ी को अपदस्थ करने में सिर्फ 24 टेस्ट लगाए। उन्होंने इन 24 टेस्ट मैचों में 26 की औसत से 822 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 93 रनों की पारी भारत के खिलाफ ही आई जब पिछले साल उन्होंने गुवाहाटी में टीम इंडिया के खिलाफ हरफनमौला प्रदर्शन किया। इस दौरान रविंद्र जड़ेजा अंतिम एकादश का हिस्सा थे। वह अब तक टेस्ट प्रारुप में 6 अर्धशतक लगा चुके हैं। 

वहीं गेंदबाजी की बात की जाए तो वह 101 विकेट ले चुके हैं। उनका औसत 20 का रहा है और 13 रनों पर 7 विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वह 5 बार टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 5 विकेट ले चुके हैं और इतनी ही बार 4 विकेट ले चुके हैं।

भारतीय फैंस के लिए एक और बुरी खबर यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में एक स्थान नीचे खिसककर 853 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर आ गए हैं।जसप्रीत बुमराह अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हुए थे और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में खेलेंगें ।उम्मीद है यह सीरीज उनको रैंकिंग सूची में आगे बढ़ाए।