साइक्लोन ‘अर्णब’ ने बदला मौसम का मिजाज, इन स्थानों पर आज नहीं दिखेगा करवा चौथ का चांद

साइक्लोन 'अर्णब' ने बदला मौसम का मिजाज, इन स्थानों पर आज नहीं दिखेगा करवा चौथ का चांद

rain in India on Karwa chauth

Cyclone Arnab Effect : चक्रवात ‘अर्णब’ के असर से देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक झमाझम बारिश, तेज आंधी और ओले गिरने का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। बादलों की वजह से मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली एनसीआर समेत कई राज्यों में कई जगहों पर आज करवा चौथ पर महिलाओं को कई जगह चांद नहीं दिखाई देगा। ALSO READ: Cyclone Arnab : आंध्रप्रदेश के 13 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा, ओडिशा से तेलंगाना तक भारी बारिश का अलर्ट

 

अर्णब की वजह से ओडिशा, आंध्रप्रदेश और पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर जारी है। कई सड़कें पानी में जलमग्न है। पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।  

 

दिल्ली-NCR में मौसम हुआ सुहाना

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में रात से ही बादलों का डेरा है। IMD ने आज (29 अक्टूबर) दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक एनसीआर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश तापमान में गिरावट ला सकती है।

 

कहां-कहां कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर: पहाड़ों पर बारिश के साथ-साथ ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लगातार बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट है। चंबा, मनाली, शिमला, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

 

उत्तर प्रदेश और राजस्थान: पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश जारी रहने के आसार हैं। वहीं, राजस्थान और हरियाणा-पंजाब में भी गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका है।

 

बिहार, झारखंड और बंगाल: पूर्वी भारत में भी मानसून की वापसी जैसे हालात के बीच 31 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है। झारखंड में हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि पश्चिम बंगाल में भी 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी है। ओडिशा में 2 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट है।

 

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन, रीवा और ग्वालियर समेत कई जिलों में 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बारिश का दौर चलेगा। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

 

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम और आंधी-तूफान की चेतावनी को देखते हुए सतर्क रहें, विशेषकर खुले में यात्रा करने या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।