
झारखंड लगातार भारतीय क्रिकेट को बेहतरीन विकेटकीपर देना जारी रख रहा है। सबसे पहले भारतीय टीम को तीन आईसीसी ट्रॉफी जितवाने वाले महेंद्र सिंह धोनी जो कप्तान भी रहे। इसके बाद ईशान किशन जो भारतीय टीम के टी-20 विजेता टीम के सदस्य हैं और रणजी टीम के कप्तान भी हैं अब एक और नया नाम इस राज्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच रहा है।
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले झारखंड के 21 वर्षीय बल्लेबाज शिखर मोहन को न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाले दूसरे और तीसरे चार दिवसीय मुकाबले के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है। शिखर मोहन ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन करने के बाद मौजूदा सीजन में भी अपनी लय बरकरार रखी है। उन्होंने 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में अपने पहले ही सीजन में 55.73 की औसत से 613 रन बनाए थे।
वर्तमान सीजन में वह 99 की औसत से दो मैचों में ही 297 रन बना चुके हैं। केरल के खिलाफ झारखंड के पहले रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उन्होंने 143 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी की मदद से झारखंड को पहली पारी में बढ़त हासिल करने में मदद मिली। इसके बाद महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने पहली पारी में 27 और दूसरी पारी में 127 रन बनाकर अपनी निरंतरता का परिचय दिया। दूसरी पारी में उनके शतक ने महाराष्ट्र को 6 अंक हासिल करने से रोक दिया।
रणजी ट्रॉफी में प्रदर्शन से पहले भी मोहन ने दूसरे घरेलू टूर्नामेंटों में अपनी छाप छोड़ी थी। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने ईस्ट जोन के लिए दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए। पहली पारी में उन्होंने 85 रन बनाए और इशान किशन के साथ 94 रन की अहम साझेदारी की। दूसरी पारी में भी शिखर ने 52 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया।
झारखंड का सितारा, अब टीम इंडिया-ए में चमकने को तैयार! रणजी ट्रॉफी में लगातार दो शतक जड़ने के बाद शिखर का न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया-ए टीम में चयन होना उनकी मेहनत, लगन और निरंतरता का शानदार परिणाम है। राजधानी रांची के डोरंडा के गौरीशंकर नगर से निकलकर भारतीय क्रिकेट के इस प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचने का उनका सफर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। शिखर मोहन को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं न्यूजीलैंड दौरे के लिए ढेरों शुभकामनाएं। @HemantSorenJMM @JmmJharkhand
— Mithilesh Kumar Thakur (@MithileshJMM) October 23, 2026
इसके बाद ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की ओर से खेलते हुए उन्होंने श्रीनगर की मुश्किल विकेट पर 60 रन की जुझारू पारी खेली। अलग-अलग घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार रन बनाने से मोहन ने चयनकर्ताओं के सामने अपनी दावेदारी मजबूत की है। न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए का दूसरा मैच क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में होगा, जबकि तीसरा मुक़ाबला लिंकन में खेला जाएगा। दौरे का समापन 10 नवंबर को होगा। शिखर दूसरे और तीसरे मैच के लिए टीम से जुड़ेंगे।
इंडिया ए टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, आक़िब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार, शिखर मोहन (दूसरे और तीसरे मैच के लिए)।

