Daler Mehndi: परफॉर्मेंस विवाद के बाद उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से माफी मांगी

Daler Mehndi: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दिग्गज गायक दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। यह माफी राज्य में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की परफॉरमेंस में रुकावट आने से पैदा हुए विवाद के बाद मांगी गई है। बताया जा रहा है कि यह माफी फोन कॉल के जरिए मांगी गई। मीका सिंह की टीम ने इस कदम का स्वागत किया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब यह मामला यहीं खत्म हो जाएगा।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में दलेर मेहंदी की परफॉरमेंस के दौरान मंत्री ने दखल दिया। आरोप है कि मंत्री ने दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने और नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान लिप-सिंक करने का इल्जाम लगाया था।

मीका सिंह की टीम ने सुबोध उनियाल की माफी का स्वागत किया

IANS के अनुसार सुबोध उनियाल और दलेर मेहंदी के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद मीका सिंह की टीम ने एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया- “हम इस बात की सराहना करते हैं कि सुबोध उनियाल जी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर दलेर मेहंदी पाजी से फोन पर माफी मांगी है। कलाकारों और उनके सम्मान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। दलेर पाजी एक वरिष्ठ कलाकार हैं, जिन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में बहुत बड़ा योगदान दिया है। हर कलाकार सम्मान पाने का हकदार है।”

टीम ने यह भी कहा कि वे नहीं चाहते कि यह विवाद और आगे बढ़े

बयान में आगे कहा गया “हमें उम्मीद है कि अब यह मामला यहीं खत्म हो जाएगा और सभी लोग आपसी सम्मान और समझ के साथ आगे बढ़ सकेंगे।” यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब शुक्रवार को मीका सिंह ने कहा कि दलेर मेहंदी इस विवाद को और लंबा नहीं खींचना चाहते। इससे पहले मीका ने बताया था कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों भाइयों से बात की और सुबोध उनियाल की तरफ से माफी मांगी।

IANS से ​​खास बातचीत में मीका ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें और दलेर मेहंदी को उत्तराखंड आने का न्योता दिया है। गायक के अनुसार- वे जल्द ही राज्य का दौरा कर सकते हैं और वहां परफॉरमेंस दे सकते हैं। बाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीका ने मुख्यमंत्री धामी के साथ हुई अपनी बातचीत का जिक्र किया और जिस तरह से मुख्यमंत्री ने इस मामले को संभाला उसकी तारीफ की। मीका ने कहा- “आज सुबह ही मेरी बातचीत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई, जिन्हें मैं अपना बड़ा भाई और एक प्रिय मित्र मानता हूं और जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं। जब भी मैं देहरादून जाता हूं तो वे मुझसे बहुत आत्मीयता से मिलते हैं और स्वभाव से बेहद सरल हैं।”

उन्होंने आगे कहा- “उन्होंने जिस तरह से दलेर पाजी और मुझसे बात की वह बहुत ही विनम्र और शालीन था। उन्होंने मंत्री जी की ओर से माफी मांगी, जबकि मैंने उनसे कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है क्योंकि उनकी तरफ से कोई गलती नहीं हुई थी।”

उत्तराखंड में दलेर मेहंदी की परफॉरमेंस के दौरान क्या हुआ?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब दलेर मेहंदी उत्तराखंड में ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में शामिल हुए। उनकी परफॉरमेंस को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने रोक दिया। उन्होंने गायक पर आरोप लगाया कि वे नशे की हालत में थे और नवरात्रि उत्सव के दौरान आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में ‘लिप-सिंक’ (बिना गाए केवल होंठ हिलाना) कर रहे थे।

इस घटना पर मीका सिंह ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपने भाई का बचाव किया और इस बात पर चिंता जताई कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों के साथ कैसा बर्ताव किया जाता है। मीका ने जोर देकर कहा कि कलाकारों के साथ सम्मान और गरिमा के साथ पेश आना चाहिए, ख़ासकर दलेर जैसे वरिष्ठ कलाकारों के साथ, जिन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में कई दशक बिताए हैं।

पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप और उसके बाद सुबोध उनियाल द्वारा फोन पर दलेर से माफी मांगने के बाद मीका की टीम नेकहा कि वे अब इस विवाद को पीछे छोड़ने के लिए तैयार हैं। उनकी टीम के बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस पूरी घटना के दौरान उनकी मुख्य चिंता यह थी कि कलाकारों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है और सार्वजनिक मंचों पर कलाकारों का सम्मान करना कितना महत्वपूर्ण है।