सुकन्या समृद्धि में माता-पिता दो बेटियों तक के लिए अकाउट ओपन कर सकते हैं। प्रत्येक बेटी के नाम से एक अकाउंट ओपन करने की इजाजत है। लेकिन, ऐसी दो स्थितियां हैं जिनमें परिवार तीसरा अकाउंट ओपन कर सकता है और तीनों अकाउंट में मैक्सिमम लिमिट तक निवेश कर 2 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड बना सकता है।
तीसरा अकाउंट ओपन करने की शर्तें
सुकन्या समृद्धि योजना के नियम के मुताबिक, माता-पिता या कानूनी गार्जियन दो बेटियों के लिए एक-एक अकाउंट ओपन कर सकता है। तीसरा अकाउंट ओपन करने की इजाजत तब मिलती है जब मां के पहली बार या दूसरी बार बच्चे के जन्म देने के समय जुड़वा या ट्रिपलेट्स (तीन बच्चे) जन्म लेते हैं। हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें तय हैं।
तीसरे अकाउंट का नियम अपवाद है
बैंकबाजार डॉट कॉम के सीईओ आदिल शेट्टी ने कहा, “ज्यादातर परिवार यह सोचते हैं कि सुकन्या समृद्धि में सिर्फ दो बच्चियों तक अकाउंट ओपन करने की इजाजत है। लेकिन, एक ऐसा अपवाद है जिसके बारे में लोग कम जानते हैं। अगर मां के पहली बार या दूसरी बार बच्चे के जन्म देने के समय जुड़वा या ट्रिपलेट्स बच्चे जन्म लेते हैं तो परिवार को तीसरा अकाउंट ओपन करने की इजाजत होती है।”
एक अकाउंट में 71 लाख का फंड बनता है
प्रत्येक SSY अकाउंट में माता-पिता एक वित्त वर्ष में मैक्सिमम 1.5 लाख रुपये तक डिपॉजिट कर सकते हैं। एसबीआई कैलकुलेटर के मुताबिक, अगर एक अकाउंट में सालाना 1.5 लाख रुपये तक का निवेश किया जाता है तो 21 साल में यह बढ़कर 71.81 लाख रुपये हो जाता है। ध्यान में रखना जरूरी है कि सुकन्या समृद्धि अकाउंट में सिर्फ 15 साल तक निवेश करना होता है, जबकि अकाउंट 21 साल में मैच्योर होता है।
तीन अकाउंट के जरिए 2 करोड़ का फंड बन सकता है
एक वित्त वर्ष में 1.5 लाख रुपये डिपॉजिट करने पर 15 साल में माता-पिता एक अकाउंट में कुल 22.5 लाख लाख डिपॉजिट करते हैं। यह पैसा 21 साल बाद 71.82 लाख हो जाता है। इसमें इंटरेस्ट का 49.32 लाख रुपये शामिल है। इस कैलकुलेशन से तीन अकाउंट के जरिए करीब 2.15 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो सकता है। तीनों अकाउंट में सालाना 8.2 फीसदी रेट से इंटरेस्ट मिलेगा। खास बात यह है कि यह पूरा पैसा टैक्स-फ्री होता है।
मैच्योरिटी अमाउंट पर नहीं लगता है टैक्स
शेट्टी ने कहा कि हर साल एसएसवाय के तीनों अकाउंट में मैक्सिमम लिमिट तक डिपॉजिट करने पर मैच्योरिटी पर मिलने वाला पैसा करीब 2 करोड़ तक पहुंच जाता है। अगर बेटी के जन्म के ठीक बाद आपने अकाउंट ओपन किया है तो बेटी के 21 साल तक होने पर बड़ा फंड तैयार हो जाता है। उन्होंने कहा कि सुकन्या समृ्द्धि अकाउंट में न तो मिलने वाले इंटरेस्ट पर टैक्स लगता है और न ही मैच्योरिटी अमाउंट पर टैक्स लगता है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

