
क्षेत्र में लंबे समय से हो रही बिजली की कटौती और पीने के पानी की किल्लत से परेशान होकर आम लोगों पीथमपुर में जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में लगभग 500 परिवारों के लोग (महिलाएं, पुरुष और बच्चे) शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम किया।
पीथमपुर के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम होने से वाहनों के पहिए थम गए और करीब 1 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। इसमें कई व्यावसायिक वाहन और राहगीर फंस गए। प्रदर्शनों के दौरान स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों (बिजली कंपनी और नगर पालिका) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाया। अधिकारियों ने जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
क्या है पूरा मामला : पीथमपुर में बिजली-पानी की कमी से परेशान करीब 500 लोगों ने गुरुवार सुबह महू-नीमच रोड पर चक्काजाम कर दिया। तीन घंटे तक एक किलोमीटर के दायरे में स्कूल बसों समेत वाहनों की कतारें लगी रहीं। रहवासियों का कहना था कि रॉयल टाउन कॉलोनी में पिछले 4-5 दिनों से बिजली नहीं है। पानी की भी किल्लत है। लंबे समय से बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने के कारण उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने रहवासियों से बात की और आज ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम खत्म किया। अन्य रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी को बसे करीब 17 साल हो चुके हैं। इसके बावजूद बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। रहवासी हर महीने 1,000 से 1,500 रुपए तक बिजली बिल भरते हैं, फिर भी पिछले 4-5 दिनों से बिजली आपूर्ति बंद है। पानी की कमी से भी बच्चों और परिवारों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है।
रहवासियों के अनुसार, वे बिजली-पानी की समस्या को लेकर कलेक्टर कार्यालय सहित कई जगह शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि बिजली विभाग और कॉलोनाइजर ने भी समस्या पर ध्यान नहीं दिया। इसके विरोध में गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और महू-नीमच मार्ग जाम कर दिया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही किशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। बिजली विभाग के अधिकारी भी वहां पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे रहवासियों से बातचीत की। अधिकारियों ने समस्या का समाधान निकालने और चक्काजाम खत्म कर यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया।
दूसरा ट्रांसफार्मर लगा देंगे : एसडीएम ने बताया कि कल एक ट्रांसफार्मर जल गया था, जिससे बिजली की समस्या हुई। इसी को लेकर रहवासी ज्ञापन दे रहे थे। उनकी समस्याओं के संबंध में बिजली विभाग, नगर पालिका सीएमओ और कॉलोनाइजर सहित सभी संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई है। आज दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। ग्रिड से जुड़ी फाइल भी स्वीकृत हो गई है। अब कॉलोनाइजर को डिमांड नोट के अनुसार राशि जमा करनी है। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बिजली विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में काम शुरू कराया जाएगा।


