
रोमानियाई तट के करीब एक रासायनिक टैंकर (Chemical Tanker) पर हुए ड्रोन हमले के बाद राहत भरी खबर सामने आई है। पोत पर सवार सभी नौ भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और प्रभावित जहाज रोमानिया के प्रमुख बंदरगाह कॉन्स्टांटा पहुंच गया है। बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।
दूतावास और राजदूत ने लिया सुरक्षा स्थिति का जायजा
रोमानिया में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि रोमानिया में भारत के राजदूत मनोज कुमार मोहापात्रा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों और राहत एजेंसियों से तुरंत संपर्क साधा।
राजदूत मोहापात्रा ने रोमानिया की खोज एवं बचाव एजेंसियों, जिनमें SAR रोमानिया और MRCC कॉन्स्टांटा शामिल हैं, के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की। इसके अलावा, उन्होंने पोत ‘यारा जे’ (Yara J) के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (Chief Security Officer) से भी स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और भारतीय क्रू मेंबर्स की कुशलक्षेम जानी।
सुरक्षित पोर्ट पर पहुंचा पोत
हमले के तुरंत बाद रोमानियाई समुद्री बचाव सेवाओं की त्वरित सहायता से टैंकर ‘यारा जे’ को सुरक्षित रूप से कॉन्स्टांटा बंदरगाह तक पहुंचाया गया। भारतीय दूतावास के अनुसार, सभी नौ भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर ली गई है और दूतावास लगातार पोत के क्रू और स्थानीय प्राधिकारियों के संपर्क में बना हुआ है ताकि आवश्यकता पड़ने पर हर संभव मदद मुहैया कराई जा सके।


