Miami Airport Plane Crash: रविवार दोपहर मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान अमेजन प्राइम एयर का एक कार्गो विमान रनवे से आगे निकल गया और जमीन पर मौजूद कई वाहनों से टकरा गया। इसके बाद विमान में आग लग गई। बता दें कि इस हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देते हुए स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि प्राइम एयर की फ्लाइट 7598 दोपहर 2 बजे EDT (1800 GMT) से कुछ देर पहले एयरपोर्ट के तिरछे रनवे से आगे निकल गई। वहीं, हादसे के बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा।
मियामी-डेड फायर रेस्क्यू के चीफ राएड “रे” जदाल्लाह ने बताया कि इस हादसे में पांच और लोग घायल हुए। उनमें से तीन की हालत गंभीर थी और उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जबकि दो अन्य को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जदाल्लाह ने बताया कि विमान की चपेट में आए कई वाहनों में लोग फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। कम से कम दो लोग वाहनों के अंदर फंसे हुए थे। वहीं, हादसे के बाद विमान के पायलट और को-पायलट भी उसके अंदर फंस गए थे।
बता दें कि अधिकारियों ने मरने वालों की पहचान बताने से इनकार कर दिया है।
अमेजन का बयान
अमेजन की प्रवक्ता केली नेंटेल ने कहा, “हम पुष्टि कर सकते हैं कि 21 Air द्वारा संचालित अमेजन एयर का एक विमान आज मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश के दौरान एक घटना का शिकार हो गया। यह स्थिति तेजी से बदल रही है और हम अभी भी जानकारी जुटा रहे हैं। हम स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि असल में क्या हुआ। अभी हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता इसमें शामिल सभी लोगों की सुरक्षा, भलाई और देखभाल है। हम प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।”
रेस्क्यू ऑपरेशन
मियामी-डेड फायर रेस्क्यू ने एक बयान में बताया कि हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए 60 से ज्यादा रेस्क्यू यूनिट्स और करीब 200 कर्मियों को मौके पर भेजा गया।
जादल्लाह ने बताया कि रविवार देर दोपहर तक आपातकालीन कर्मी विमान से हो रहे सक्रिय ईंधन रिसाव से निपटने में लगे हुए थे।
दुर्घटना के तुरंत बाद हवाई अड्डे ने सभी उड़ानें रोक दीं। हालांकि, रविवार शाम तक इसके चार में से दो रनवे फिर से खोल दिए गए थे।
दुर्घटना के बाद रॉयटर्स द्वारा ली गई तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा जमीन पर और पिछला हिस्सा ऊपर की ओर झुका हुआ दिखाई दे रहा था। विमान के दाहिने हिस्से पर जलने के निशान जैसे दिख रहे थे।
Flightradar24 के अनुसार, विमान 112 समुद्री मील प्रति घंटे (129 मील प्रति घंटा) की गति से रनवे से बाहर निकल गया।
32 साल पुराना बोइंग 767 कार्गो विमान
यह विमान सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से उड़ा था। फ्लाइट ट्रैकिंग सर्विस ‘Flightradar24’ के अनुसार, यह 32 साल पुराना बोइंग 767-300 कार्गो विमान था, जिसे 1994 और 2015 के बीच अलग-अलग एयरलाइंस ने पैसेंजर विमान के तौर पर इस्तेमाल किया था।
अमेजन के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि कार्गो एयरलाइन ’21 Air’ अमेजन के लिए इस विमान को ऑपरेट करती थी।
वहीं, ’21 Air’ ने अपनी वेबसाइट पर कहा, “आज मियामी में हमारे एक विमान के साथ हुए हादसे से हम बहुत दुखी हैं। जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों और चाहने वालों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।”
अमेजन की प्रवक्ता केली नेंटेल ने कहा कि कंपनी अभी भी इस घटना के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है।
नेंटेल ने एक बयान में कहा, “हम स्थानीय अधिकारियों और अफसरों के साथ मिलकर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि असल में क्या हुआ था। अभी हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता इसमें शामिल सभी लोगों की सुरक्षा, भलाई और देखभाल है।”
इसके अलावा, बोइंग और 21 Air ने कहा कि वे क्रैश की सरकारी जांच में सहयोग करेंगे।
जांच
US में सिविल एविएशन से जुड़े हादसों की जांच करने वाली संस्था, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने कहा कि उसने इस क्रैश की जांच के लिए चेयरवुमन जेनिफर होमेंडी की अगुवाई में एक टीम भेजी है। यह एजेंसी सोमवार को मियामी में अपनी पहली मीडिया ब्रीफिंग करेगी।
बता दें कि रविवार को हुआ हादसा, Amazon Prime Air के विमान से जुड़ा पहला जानलेवा क्रैश नहीं था। फरवरी 2019 में, Amazon Prime Air के लिए मियामी से ह्यूस्टन जा रहा एटलस एयर फ्लाइट 3591 (एक बोइंग 767-300 फ्रेटर विमान) तेजी से नीचे गिरा और टेक्सास की ट्रिनिटी बे में क्रैश हो गया। इसमें सवार तीनों लोगों की मौत हो गई थी।

