‘यूपी में नहीं पसंद की जाती हैदराबादी बिरयानी’; जेल से बाहर आते ही आजम खान का ओवैसी पर तंज; शुरू हुआ वार-पलटवार

Azam Khan Vs Owaisi: जेल से बाहर आते ही समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोला है। आजम खान ने गुरुवार (19 नवंबर) को ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘हैदराबादी बिरयानी’ पसंद नहीं की जाती है। मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आए खान ने कहा कि यूपी के लोग पुलाव और मटन बिरयानी ज्यादा पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे इलाके में ‘हैदराबादी बिरयानी’ को पसंद नहीं किया जाता। हमारे यहां के लोग ‘पुलाव’ और मटन बिरयानी ज्यादा खाना पसंद करते हैं।”

ओवैसी पर खान का यह तंज ऐसे समय में आया है जब AIMIM उत्तर प्रदेश में अपना विस्तार करने की कोशिश कर रही है। यूपी में मुस्लिम आबादी कुल मतदाताओं का लगभग 20% है। वे समाजवादी पार्टी (SP) का एक अहम वोट बैंक माने जाते हैं। AIMIM ने ‘आजाद समाज पार्टी (कांशी राम)’ के साथ गठबंधन भी किया है। उन्होंने नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। ओवैसी और चंद्रशेखर ने 12 नवंबर को लखनऊ में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया था। दोनों नेताओं ने इसे वंचित और पिछड़े समुदायों की आवाज उठाने वाला मंच बताया है। साथ ही सपा और कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों को भी इसमें शामिल होने का न्योता दिया है।

चुनाव से ठीक पहले आजम के बाहर आने से गरमाई सियासत

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की संभावना है। इस हफ्ते की शुरुआत में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 78 वर्षीय आजम खान को अंतरिम जमानत दे दी थी। अदालत ने कहा कि 31 अक्टूबर को हिरासत में लेते समय प्रवर्तन निदेशालय (ED) गिरफ्तारी के लिखित कारण बताने में विफल रहा था। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और ED की याचिका खारिज कर दी।

ED ने रामपुर जिले की जेल से 10 बार के विधायक आजम खान को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी तब हुई थी, जब वे एक अन्य मामले (दो पैन कार्ड से जुड़े धोखाधड़ी के केस) में जमानत पर जेल से बाहर आए ही थे। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में खान को अंतरिम जमानत देने के इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा। साथ ही जमानत को चुनौती देने वाली प्रवर्तन निदेशालय की याचिका को खारिज कर दिया।

‘अगला चुनाव इंकलाब होगा’

आजम खान ने बुधवार देर रात रामपुर पहुंचने पर कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव महज चुनाव नहीं, बल्कि ‘इंकलाब’ होगा। गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद देर रात रामपुर पहुंचे आजम खान का बड़ी संख्या में मौजूद उनके समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में खान ने कहा कि कोर्ट द्वारा जमानत मिलने के बाद रिहा होने से उनका इस बात पर यकीन मजबूत हो गया है कि देश आजाद है। उन्होंने कहा, “लेकिन संविधान कैद है। हम सब को मिलकर संविधान की आजादी की मांग करना चाहिए।”

‘बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा’

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे गए सवाल पर खान ने कहा, “इस बार चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।” उन्होंने कहा, “अब लोग धर्म और जाति के नाम पर नहीं लड़ेंगे। मुद्दों पर लड़ाई होगी और हम जैसे लोग संविधान के लिए और विधान के लिए मरने के लिए तैयार थे, तैयार हैं और तैयार रहेंगे।” सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान पर कि UP में पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को न्याय दिलाया जाएगा…उन्होंने कहा, “न्याय तो न्याय है। लेकिन किसी से बदला नहीं लिया जाएगा।”

आजम खान पर क्या है आरोप?

मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे आरोपों का भी सामना कर रहे खान ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोपी हो सकता है। वह विश्वविद्यालय बनाता है तो उनकी अल्लाह से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो ताकि वह विश्वविद्यालय बना सके। उन्होंने कहा, “जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनकी साख कितनी गिर गई है और हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट उनके बारे में क्या राय रख रहे हैं…उन्हें थोड़ा-सा अपना स्तर बचा कर रखना चाहिए।”

खान ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के जमाने में ED-CBI, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण होते तो यह दोनों भी जेल में होते। खान को ईडी ने उनके मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 31 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। उसी दिन उन्हें रामपुर जेल से एक अन्य आपराधिक मामले में रिहा किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की PMLA की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

ये भी पढ़ें- Azam Khan: ‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया ये उसी की सजा है’; आजम खान का डासना जेल से बाहर आते ही बड़ा बयान