UP Election 2027: ‘हमें जनता का राज बनाना है’; पूर्व IAS दिव्या मित्तल की पार्टी यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेगी कैंड‍िडेट

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। हाल ही में नौकरी से इस्तीफा देने वालीं पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी ‘जन नीति भारत’ के यूपी के चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी 2027 में उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यूपी के कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुकीं दिव्या ने कहा कि पार्टी उन सीटों पर मजबूत उम्मीदवार उतारेगी, जहां उसे योग्य प्रत्याशी मिलेंगे।

दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर के चुनार में शनिवार (24 अक्टूबर) को जनता से संवाद के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने स्थानीय लोगों से पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करने की अपील की। उत्तर प्रदेश कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी और देवरिया की पूर्व DM दिव्या मित्तल ने 13 साल की सेवा के बाद अगस्त महीने में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

इसके बाद मित्तल ने इसी महीने की शुरुआत में अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जन नीति भारत’ (Jan Neeti Bharat) के गठन की घोषणा की थी। न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) के अनुसार, उन्होंने अगस्त 2026 में प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली थी।

‘राजनीती नहीं, जन नीती लानी होगी’

चुनार में भारी भीड़ के बीच दिव्या मित्तल ने कहा, “आप लोग हमारे साथ जुड़िए… देखिए मेरी एक आवाज से कुछ नहीं होगा। आप मेरे साथ इसलिए जुड़े क्योंकि मेरे साथ साथ में हजारों आवाजें जुड़ी, हजारों लोग जुड़े, वही शक्ति है और मुझे दूसरी कोई शक्ति चाहिए भी नहीं…वो तो शक्ति छोड़ के मैं केवल जनता के बीच आई हूं ताकि जनता का राज हम बना सके।”

उन्होंने आगे कहा, “इसलिए राजनीती नहीं, जन नीती लानी होगी। जनता का राज बनाना होगा। हमारी पार्टी जननीति भारत विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हम 403 सीटों पर जहां-जहां मजबूत प्रत्यासी मिलेंगे वहाँ चुनाव लड़ेंगे। चुनार में भी उम्मीदवार उतारेंगे। जहां-जहां मजबूत प्रत्याशी मिलेंगे, वहां सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतार सकते हैं।”

चुनार में दिव्या मित्तल ने किया जनसंवाद

दिव्या मित्तल शनिवार को मिर्जापुर के चुनार पहुंचीं, जहां उन्होंने जनता से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने गुहरज निषाद पार्क में निषादराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी की चुनावी रणनीति और राजनीति में आने के उद्देश्य को लेकर अपनी बात रखी।

‘जनता का शासन स्थापित करना है’

पूर्व IAS अधिकारी ने राजनीति में आने के अपने फैसले पर कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि जनता का शासन स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में ऐसी व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें लोगों की भागीदारी और उनके हितों को प्राथमिकता दी जाए। दिव्या मित्तल के मुताबिक, उनकी पार्टी जननीति यानी जन-केंद्रित शासन व्यवस्था को आगे बढ़ाना चाहती है। इसी उद्देश्य के साथ वह जनता के बीच आई हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

दिव्या मित्तल के इस ऐलान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी नई नवेली पार्टी की घोषणा को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई चुनावी पहल के तौर पर देखा जा रहा है। अब यह देखना अहम होगा कि ‘जननीति भारत’ आगामी चुनाव में कितनी मजबूती से अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज करा पाती है।

ये भी पढ़ें- Farooq Abdullah: ‘पाकिस्तान कश्मीरियों की रक्षा कर रहा है, वरना भारत के इरादे ठीक नहीं’; फारुक अब्दुल्ला के विवादित बयान पर बवाल, BJP भड़की