UP Election 2027 : गृह मंत्री शाह और नितिन नवीन से मिले CM योगी, चुनावी रणनीति पर मंथन

UP Election 2027 : गृह मंत्री शाह और नितिन नवीन से मिले CM योगी, चुनावी रणनीति पर मंथन

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष भी मौजूद रहे।

ALSO READ: Udhna Railway Model : अब स्टेशन पर नहीं होगी यात्रियों की भीड़भाड़? 15000 लोगों के ठहरने की क्षमता वाला बना आधुनिक यात्री सुविधा केंद्र

अमित शाह से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में बीएल संतोष भी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि नितिन नवीन के आवास पर हुई यह बैठक भी करीब एक घंटे तक चली।

 

हालांकि, दिल्ली में हुई इन मुलाकातों के एजेंडे को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा नेतृत्व का फोकस 2027 के चुनाव में लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता हासिल करने की तैयारी पर है।

 

मथुरा में भाजपा की अहम बैठक के बाद दिल्ली पहुंचे योगी

 

दिल्ली में अमित शाह और नितिन नवीन से योगी आदित्यनाथ की मुलाकात से कुछ घंटे पहले तीनों नेताओं ने मथुरा में भाजपा की अहम बैठक में हिस्सा लिया था। भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक सोमवार 16 नवंबर को शुरू हुई थी। मंगलवार को इसके अंतिम दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मथुरा पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने पार्कहम में उनका स्वागत किया।

 

इस बैठक में उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय और संगठन से जुड़े पदाधिकारी तथा पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य शामिल हुए।

 

बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल पर जोर

 

मथुरा में हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, बैठक में मुख्य रूप से इन मुद्दों पर फोकस रहा:

  • बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करना।
  • कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना।
  • केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाना।
  • विपक्ष के आरोपों और राजनीतिक नैरेटिव का जवाब देना।
  • जनसंपर्क अभियान को मजबूत करना।
  • चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों को गति देना।

 

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा चुनाव में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ALSO READ: QUAD समिट में PM मोदी ने जमीन पर देखा तिरंगा, तुरंत उठाकर जेब में रखा, ट्रंप ने थपथपाई पीठ

2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी

 

उत्तर प्रदेश में भाजपा की नजर 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने पर है। वर्ष 2017 में पार्टी ने प्रदेश में बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 255 सीटों पर जीत हासिल की थी। अब पार्टी नेतृत्व आगामी चुनाव के लिए संगठन, सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दे रहा है।

 

मथुरा में हुई चिंतन बैठक के बाद योगी आदित्यनाथ की दिल्ली में अमित शाह और नितिन नवीन से मुलाकात को भी इसी चुनावी तैयारी के सिलसिले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, बैठकों में हुई चर्चा का आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है।