Under 19 Asia Cup में सिलेक्ट हुए राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे

भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग को अंडर-19 एशिया कप के लिए शुक्रवार को घोषित भारतीय टीम में शामिल किया गया है।एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) पुरुष अंडर-19 एशिया कप का आयोजन वनडे प्रारूप में पांच से 14 नवंबर तक ओमान की राजधानी मस्कट में किया जाएगा।

कर्नाटक के अन्वय और दिल्ली के आर्यवीर ने हाल ही में संपन्न वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।सत्रह साल के अन्वय ने इस महीने की शुरुआत में अंडर-19 प्रतियोगिता में गुजरात के खिलाफ महज 100 गेंदों पर 151 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत कर्नाटक ने 300 से अधिक रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था।

उन्होंने इससे पहले जुलाई में हंबनटोटा में श्रीलंका के खिलाफ युवा एकदिवसीय मुकाबले में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उन्होंने उस मैच में 67 गेंदों पर 87 रन बनाए थे।उन्नीस वर्षीय आर्यवीर सहवाग ने भी वीनू मांकड़ ट्रॉफी में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विजयनगरम में चंडीगढ़ के खिलाफ 143 गेंदों पर 173 रन की तूफानी पारी खेली थी।

लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है तो वहीं यशवर्धन सिंह चौहान उपकप्तान होंगे। भारत को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ रखा गया है।ग्रुप-बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया की टीमें शामिल हैं।दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

भारतीय अंडर-19 टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उलवा, काव्य पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद।

Under-19 एशिया कप में भारत का कार्यक्रम (सभी मैच मस्कट में)

भारत vs नेपाल: छह नवंबर, मस्कट

भारत vs पाकिस्तान: आठ नवंबर

भारत vs UAE: 10 नवंबर