
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चलाए जा रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान ने तूल पकड़ लिया है। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक होने वाले रोड चौड़ीकरण के दायरे में आ रही शाही मस्जिद का हिस्सा गिराए जाने की योजना के विरोध में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और भीड़ के बीच झड़प और पथराव की घटना सामने आई है। ALSO READ: भोपाल में डीबी मॉल के सामने बिजली से पोल से लगा करंट, भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री की मौत
शाही मस्जिद का हिस्सा तोड़े जाने के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति उस वक्त बिगड़ गई जब भीड़ और पुलिस के बीच झड़प के बाद पथराव शुरू हो गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है।
मस्जिद तोड़े जाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर 5 पर सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
शाही मस्जिद को ग्रीन नेट से ढंक दिया गया है। रविवार देर रात से ही लोग मस्जिद के बाहर जमा होने लगे थे। हालांकि सोमवार सुबह 5 बजे पुलिस ने समझाइश देकर लोगों को वहां से हटाया था, लेकिन कुछ ही देर बाद भीड़ फिर से जुट गई और लोगों ने मस्जिद परिसर में घुसने की कोशिश की।
मध्य प्रदेश/उज्जैन में बवाल, पथराव। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। दरअसल, सिंहस्थ (कुंभ) के लिए सड़क चौड़ी होनी है। इसमें शाही मस्जिद भी आ रही है। मस्जिद ध्वस्तीकरण के खिलाफ आज सुबह हजारों मुस्लिम इकट्ठा हुए हैं। #Ujjain #MadhyaPradesh pic.twitter.com/bZWfjuT65V
— Arun (आज़ाद) Chahal (@ArunAzadchahal) September 28, 2026
क्या बोले उज्जैन डीएम?
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है। बड़ी संख्या में जो श्रद्धालु आएंगे उनकी व्यवस्थाओं के लिए निर्माण कार्य चल रहे हैं। मास्टर प्लान के हिसाब से मार्गों का चौड़ीकरण चल रहा है। सभी धर्म, समुदाय , समाज के लोग उसमें स्वत अपनी इच्छा से सहयोग कर रहे हैं। छत्री चौक में आ रही शाही मस्जिद का हिस्सा भी मुस्लिम समाज जनों के द्वारा स्तः हटाया जा रहा है। सभी से अपील करना चाहूंगा कि किसी भी अफवाह में ना आए और शांति व्यवस्था बनाए रखने में शासन का सहयोग करें।
शहर काजी ने भी की अफवाह पर ध्यान ना देने की अपील
उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने कहा कि मस्जिद का मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था। ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए किसी को वहाँ जाने की आवश्यकता हो। जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। सभी से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं।
गौरतलब है कि सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई तेज हो गई। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाने से गणेश चौक तक रोड चौड़ा किया जा रहा है। ALSO READ: इंदौर में बस ने राहगीरों को कुचला, हादसे में एक की मौत, गुस्साई भीड़ ने किया पथराव
सड़क चौड़ीकरण के मार्ग में कई धार्मिक स्थल आए हैं। इसमें खड़े हनुमान मंदिर भी शामिल हैं। रविवार को सीएम मोहन यादव ने भी अपने पैतृक घर का प्रभावित हिस्सा खुद गैती चलाकर हटाया था।
इस कार्रवाई के खिलाफ स्थानीय लोगों और मस्जिद समिति ने कानूनी लड़ाई भी लड़ी है। एकलपीठ से याचिका खारिज होने के बाद मामला हाईकोर्ट की इंदौर बेंच की युगलपीठ के समक्ष पहुंचा है, जिस पर आज सुनवाई होनी है।


