Ujjain Shahi Masjid Demolition: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। इसी के तहत शहर में मौजूद शाही मस्जिद का एक हिस्सा हटाने का विरोध सोमवार (28 सितंबर) सुबह उग्र हो गया। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने पथराव किया। मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए। कुछ लोगों ने मस्जिद परिसर में जाने की कोशिश भी की। फिलहाल, पुलिस मस्जिद कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों को प्रस्तावित तोड़-फोड़ में सहयोग करने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, उज्जैन में सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट के लिए शाही मस्जिद का एक हिस्सा गिराए जाने की योजना वाली जगह पर लोगों के एक बड़े समूह और पुलिस के बीच झड़प के दौरान पत्थरबाज़ी हुई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी मौजूद हैं।
समझौते का दावा
इस बीच, न्यूज 18 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सिंहस्थ 2028 से पहले सड़क चौड़ी करने के लिए मस्जिद का कुछ हिस्सा हटाने के प्रस्ताव पर हुए बड़े विरोध-प्रदर्शन के बाद अब तनाव कम हुआ है। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत से एक समझौता हुआ है। वहीं, इस प्रस्तावित कार्रवाई को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। इस पर आज सुनवाई होनी है।
हाई कोर्ट ने पहले इस प्रस्तावित आंशिक रूप से हटाने की कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया था। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, उज्जैन कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। फिलहाल, शाही मस्जिद को ग्रीन नेट से ढंक दिया गया है। मामले में सोमवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई होनी है।
मस्जिद को तोड़ने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर 5 पर चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं। इससे शहर का ट्रैफिक प्रभावित हुआ। पुलिस मौके पर पहुंचकर महिलाओं को हटाने और स्थिति को कंट्रोल करने में जुटी है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को सिंहस्थ की तैयारियों के मद्देनजर शहर में स्थित अपने पैतृक घर के एक हिस्से को फावड़ा चलाकर गिराने का काम शुरू किया।
900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा
अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक लगभग 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने का कार्य शुरू हुआ है। इसके लिए राज्य शासन द्वारा लगभग 9.80 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह मार्ग चौड़ीकरण उज्जैन की ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक सड़क चौड़ीकरण अभियान से लगभग 272 घर और कुछ धार्मिक स्थल प्रभावित होंगे। मीडिया से बात करते हुए भावुक यादव ने कहा कि इसी घर के आंगन में उनका बचपन बीता है। उनका यह पुश्तैनी घर उनके हर चुनाव का साक्षी रहा है।
#WATCH | Madhya Pradesh: A large group of people clashes with Police in Ujjain at the spot where a portion of Shahi Masjid is planned to be demolished for a road-widening project. A heavy police force remains deployed in the area. pic.twitter.com/Yr2QXxxkXQ
— ANI (@ANI) September 28, 2026
एक अधिकारी ने कहा कि दशकों की पारिवारिक स्मृतियों से जुड़े अपने घर को जनहित में समर्पित कर मुख्यमंत्री यादव ने यह संदेश दिया कि उज्जैन का भविष्य और सिंहस्थ की भव्य तैयारियां व्यक्तिगत भावनाओं से भी ऊपर हैं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारी मस्जिद कमेटी के सदस्यों से सहयोग करने की अपील कर रहे हैं।

