उज्जैन गैंग रेप में अब आरोपी की पत्नी ने किया बचाव, कहा- मेरे पति को हनीट्रैप में फंसा रहे, पीड़िता ने लगाए नए आरोप

उज्जैन गैंग रेप में अब आरोपी की पत्नी ने किया बचाव, कहा- मेरे पति को हनीट्रैप में फंसा रहे, पीड़िता ने लगाए नए आरोप

rape and porn

उज्जैन में चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों के बीच आरोपी चक्रेश जैन की पत्नी प्रज्ञा जैन ने मामले को साजिश बताते हुए पति को फंसाने का दावा किया है। वहीं, पुलिस ने चक्रेश और एक अन्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता के न्यायालय में बयान भी दर्ज हुए हैं।

इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपी चक्रेश जैन की पत्नी प्रज्ञा जैन ने सामने आकर पूरे मामले को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग युवती के साथ मिलकर मेरे पति को हनीट्रैप में फंसा रहे हैं। उधर पीड़िता ने वीडियो जारी कर आरोपी चक्रेश पर नए आरोप लगाए हैं। उसने आरोप लगाया कि दुष्‍कर्म के दौरान आरोपियों ने उसके प्राइवेट पार्ट में पाइप डाला था।

क्‍या कहा आरोपी की पत्‍नी ने : प्रज्ञा जैन ने कहा कि युवती द्वारा दिए गए बयान और पुलिस जांच में काफी फर्क है। अगर किसी युवती के साथ इस प्रकार की घटना होती है तो वह चलने में असमर्थ हो जाती है और उसके शरीर पर चोट भी आती है। लेकिन युवती खुद थाने तक पहुंची और खुद बयान दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हम सक्षम लोग हैं, मेरे पति प्रॉपर्टी का व्यापार करते हैं, हो सकता है पैसों के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। मेरे पति का लोगों से विवाद चल रहा है, इसीलिए साजिश कर उन्हें फंसाया गया है।

वह खुद इंदौर से आई, गाड़ी में बैठी, मेरे पति ने उसे ना तो गाड़ी में बिठाया और ना उतारा, वह खुशी-खुशी आई और खुशी-खुशी गई। इधर पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर प्रथम दृष्टया धारा 70(1), 127(2) बीएनएस के तहत आरोपी चक्रेश जैन और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मंगलवार को पीड़िता को फिर उज्जैन बुलाकर कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए गए हैं। एफआईआर में युवती ने बताया कि इंस्टाग्राम पर चक्रेश से बातचीत शुरू हुई थी। 26 अक्टूबर को वह बस से इंदौर से उज्जैन आई और मेघदूत होटल के सामने शाम 5.30 बजे उतरी। चक्रेश काले रंग की कार से पहुंचा, वह कार में बैठ गई। आगे कॉफी पिलाने के बाद एक अन्य युवक कार में बैठा और दोनों उसे इंदौर की तरफ ले जाने लगे। रास्ते में दोनों ने बारी-बारी से जबरदस्ती की और मारपीट कर अरविंदो हॉस्पिटल के आगे छोड़ दिया।

मेडिकल जांच में पुष्टि नहीं : मामले में सबसे अहम बिंदु मेडिकल रिपोर्ट को लेकर है। सीएसपी श्वेता गुप्ता के अनुसार युवती के मुंहबोले भाई के साथ रात करीब 12 बजे नानाखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि केवल चोट के निशान न मिलने से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि घटना नहीं हुई है।

मामले में पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कथित नशा खिलाने और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।