Prayagraj : ड्रमों में भरे थे ₹500 के नोट, पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया, जमीन से निकला 5 करोड़ से ज्यादा का खजाना, 4 हिरासत में

Prayagraj : ड्रमों में भरे थे ₹500 के नोट, पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया, जमीन से निकला 5 करोड़ से ज्यादा का खजाना, 4 हिरासत में

pnb fake note scam

उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई नकदी मिलने से हड़कंप मच गया है। नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में पुलिस ने खुदाई कर तीन ड्रम बरामद किए, जिनमें ₹500 के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। बरामद नकदी की रकम ₹5 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। गुरुवार को आयकर विभाग की टीम नोटों की गिनती करेगी। इतनी बड़ी रकम जमीन के नीचे क्यों छिपाई गई थी और इसका स्रोत क्या है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

ALSO READ: सस्ते फोन से Motorola करने वाला है धमाका, मिल सकती है 7,000mAh बैटरी, 144Hz डिस्प्ले और 50MP कैमरा

आधी रात को पुलिस की कार्रवाई, बिजली कटवाकर शुरू की तलाशी

 

पुलिस के अनुसार बुधवार देर शाम सूचना मिली थी कि बरईपुर रामनगर निवासी राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर से चोरी हुआ पैसा जमीन के नीचे दबाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि तलाशी अभियान से पहले पूरे गांव की बिजली आपूर्ति कटवा दी गई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित घर में तलाशी शुरू की।

जांच के दौरान जमीन के नीचे दबे तीन ड्रम मिले। जब इन्हें निकाला गया तो इनके अंदर ₹500 के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। पुलिस ने नकदी जब्त कर ड्रमों को सील कर दिया है। बरामद रकम की वास्तविक मात्रा और उसके स्रोत की पुष्टि के लिए आयकर विभाग की टीम को बुलाया गया है।

लॉकडाउन के दौरान पुणे से गांव आया था परिवार

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राकेश यादव का भाई बबलू यादव कई वर्षों से पुणे में रह रहा था। कोरोना महामारी के दौरान वर्ष 2020 में लॉकडाउन के समय वह अपने दो सालों और एक साढ़ू के साथ गांव आया था। प्रारंभिक जांच में बरामद नकदी को उस दौरान गांव लाई गई रकम से जोड़कर देखे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस नकदी के स्रोत और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

 

कुछ ही वर्षों में 50 बीघा जमीन खरीदने का दावा

गांव के लोगों का दावा है कि राकेश यादव ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 50 बीघा जमीन खरीदी है। ग्रामीणों के मुताबिक, उसने लगभग ₹1.5 करोड़ की लागत से मकान भी बनवाया। इसके अलावा दो ट्रैक्टर और एक डीजे सिस्टम खरीदने की बात भी सामने आई है। अब जमीन के नीचे मिले करोड़ों रुपये की नकदी और कथित संपत्ति के बीच क्या संबंध है, यह जांच का विषय है। पुलिस और आयकर विभाग की जांच के बाद ही नकदी की सही रकम, उसके मालिकाना हक और स्रोत को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।